Home ताज़ा ख़बर इंदौर:एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पीजी छात्र ने हॉस्टल से कूदकर दी जान, प्रेम प्रसंग की आशंका
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर:एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पीजी छात्र ने हॉस्टल से कूदकर दी जान, प्रेम प्रसंग की आशंका

MD मेडिसिन के अंतिम वर्ष के छात्र डॉ. अमन पटेल की मौत से कॉलेज परिसर में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंतिम वर्ष के पीजी छात्र डॉ. अमन पटेल ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक जबलपुर का रहने वाला था और इंदौर में रहकर एमडी मेडिसिन की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, हालांकि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल मामला संयोगितागंज थाना क्षेत्र स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज बॉयज हॉस्टल का है। बताया जा रहा है कि देर रात हॉस्टल के छात्रों ने तेज आवाज सुनी, जिसके बाद नीचे जाकर देखा तो डॉ. अमन पटेल गंभीर हालत में पड़े हुए थे। साथी छात्र तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक डॉ. अमन पटेल जबलपुर निवासी थे और एमडी मेडिसिन फाइनल ईयर के छात्र थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमन पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। शुरुआती तौर पर प्रेम प्रसंग को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट्स की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों और स्टाफ में शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मेडिकल छात्रों में तनाव और अवसाद के मामले सामने आते रहे हैं। कुछ महीने पहले भी एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में 21 वर्षीय छात्र अंतरिक्ष अग्रवाल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर परिजनों ने रैगिंग के गंभीर आरोप लगाए और इसे आत्महत्या की वजह बताया। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मेडिकल शिक्षा के दबाव और छात्रों की मानसिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल छात्रों के लिए नियमित काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता बेहद जरूरी हो गई है।

बाइट :
अमरेंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017400
Total Users : 17400

Related Articles