Home ताज़ा ख़बर इंदौर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू टैंकर ने बाइक सवार परिवार को कुचला, मां समेत दो मासूम बच्चों की मौत
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू टैंकर ने बाइक सवार परिवार को कुचला, मां समेत दो मासूम बच्चों की मौत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। धार रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे एक टैंकर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मां समेत दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा धार रोड स्थित हाई लिंक सिटी के सामने हुआ। ग्राम कलरिया निवासी अशोक देवड़ा अपनी पत्नी अनीता देवड़ा (30), दो वर्षीय बेटे रोहन और एक वर्षीय बेटी संतोषी के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। अनीता अपने दोनों बच्चों के साथ सड़क पर जा गिरीं और पीछे से आ रहे टैंकर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में अनीता, बेटे रोहन और मासूम संतोषी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे अशोक देवड़ा घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

023487
Total Users : 23487

Related Articles