Home ताज़ा ख़बर इंदौर में फ्लैट के सौदे को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में फ्लैट के सौदे को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट

पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद ने लिया हिंसक रूप, शातिर बदमाश मोंटी पुरी समेत कई पर केस दर्ज

इंदौर। शहर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में फ्लैट की खरीद-बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सरेआम मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों ओर से शिकायत दर्ज कर क्रॉस केस कायम करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद फ्लैट के लेनदेन और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी, जो आखिरकार हिंसक झड़प में बदल गई। पहले पक्ष की ओर से मोती तबेला निवासी फैजान पिता अब्दुल रईस ने पंढरीनाथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फैजान के अनुसार, फ्लैट के सौदे को लेकर आरोपी मोंटी पुरी, पवन चौहान और रत्नाकर ने उसके साथ विवाद शुरू किया। आरोप है कि तीनों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी मोंटी पुरी क्षेत्र का शातिर बदमाश बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। कल्याणम रेजीडेंसी निवासी पवन पिता महेश चौहान ने आरोप लगाया कि फ्लैट के विवाद के दौरान जान और मोहन बामनिया ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी और मारपीट की। इस शिकायत पर भी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पंढरीनाथ पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके। एडिशनल डीसीपी प्रियंका डोडवे ने बताया कि फ्लैट के सौदे और लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों ओर से शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017317
Total Users : 17317

Related Articles