इंदौर। तकनीक आधारित सुशासन और स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर पुलिस को बड़ी सौगात दी। डीआरपी लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ का लोकार्पण किया तथा ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया। इस दौरान 18 अत्याधुनिक हाईटेक ड्रोन इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल किए गए, जो कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विज्ञान और तकनीक आज सुशासन के सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ रही है, वहीं नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण बनकर उभर रहा है और प्रदेश सरकार ‘विरासत से विकास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस को 18 हाईटेक ड्रोन समर्पित किए। उन्होंने कहा कि ये ड्रोन पुलिस प्रशासन की तीसरी आंख के रूप में कार्य करेंगे और भीड़ प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बदलते समय में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है और ड्रोन इस दिशा में एक प्रभावी कदम हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल एप भी लॉन्च किया। इस एप के जरिए वाहन चालकों को शहर में उपलब्ध पार्किंग स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम करने और पार्किंग संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एप शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाएगा।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल किए गए ड्रोन लगभग दो किलोमीटर के दायरे तक निगरानी करने में सक्षम हैं। इनका उपयोग पहले भी रंगपंचमी की गेर, भोजशाला सहित अन्य बड़े आयोजनों में सफलतापूर्वक किया जा चुका है। नई ड्रोन यूनिट के संचालन से पुलिस की निगरानी क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा। कार्यक्रम में सीएसआर के तहत प्राप्त नए पुलिस वाहनों को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने इंदौर में तीन नए पुलिस थाने खोलने और पुलिस बल की कमी को दूर करने की घोषणा भी की। अधिकारियों का मानना है कि इन नई तकनीकी सुविधाओं से इंदौर पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा व सुविधाएं मिल सकेंगी।
बाइट – एडिशनल कमिश्नर मयंक अवस्थी




Total Users : 19799
Leave a comment