इंदौर संकेत प्रतिनिधि
इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का एक नया और अनूठा अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवाओं और जेन-जी को साधने के लिए वानखेड़े ने आंखों पर एक ट्रेंडी चश्मा पहनकर प्रचार की कमान संभाली है, जिसके सनग्लासेस पर रागा और 19 सितंबर लिखा हुआ है।
जेन-जी को लुभाने के लिए खास योजना
रीजनल पार्क के पास स्थित मैदान पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को खास तौर पर युवा-केंद्रित बनाया जा रहा है। राहुल गांधी के भाषण से पहले युवाओं से जोश भरने के लिए रैप और म्यूजिकल परफॉर्मेंस का भी आयोजन रखा गया है। विपिन वानखेड़े का यह सोशल मीडिया प्रचार का तरीका पार्टी के उस नए विजन का हिस्सा है, जिसके तहत पारंपरिक राजनीति से हटकर आज के युवाओं की भाषा और शैली में उनसे संपर्क स्थापित किया जा सके।
छात्रों से संवाद और बैठकों का दौर जारी
राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और दिल्ली से आए विशेष टीम की मौजूदगी में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में इंदौर और आसपास के जिलों में छात्र व युवाओं से सीधे संवाद का सिलसिला जारी है।
क्रिकेट कनेक्शन, युवाओं में भरा जोश
रविवार को यूथ कांग्रेस ने युवाओं से जुड़ने के लिए जेन-जी क्रिकेट मैच का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े शामिल हुए और युवाओं को कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। यूथ कांग्रेस की ओर से आयोजित क्रिकेट मैच में युवाओं की भारी संख्या में उमड़ी भीड़ ने वानखेड़े का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े शामिल हुए और युवाओं को कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय सह-सचिव के तौर पर भी युवाओं के बीच में सक्रिय रहने वाली टीम इसमें जुटी है। 19 सितंबर को भारत जोड़ो मैदान में इतनी आवाज और बुलंद हो सके, इसके लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी है।
बारिश ने बढ़ाई चिंता
इधर लगातार हो रही बारिश से कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर चिंता बढ़ गई है। कार्यक्रम स्थल पर पानी भर गया है। वहीं कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक एक-दो दिन में राहुल गांधी की कोई टीम इंदौर पहुंच सकती है। टीम कार्यक्रम की तैयारियों का मौके पर निरीक्षण करेगी। इसमें कार्यक्रम स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी।
मैदान में भरा कीचड़, मिट्टी सूखने में छूट रहे पसीने
कार्यक्रम से 6 दिन पहले बारिश ने कांग्रेस की टेंशन बढ़ा दी है। रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान काली मिट्टी वाला है, जो बारिश में गीला हो गया है। धूप नहीं निकलने से सूख नहीं रहा है। जबकि महज साउंड और लेजर लाइट के साथ दिल्ली की टीम को यहां जेन-जी को करना है। कांग्रेस ने जिस मैदान को चुना है, वह बारिश के कारण दलदल जैसा हो गया है। काली मिट्टी सूखने में ज्यादा समय लेती है, इस कारण जमीन को समतल करने में भी परेशानी आ रही है। मौसम विभाग ने इस हफ्ते फिर मानसून सक्रिय होने और बारिश की भविष्यवाणी की है। कांग्रेस ने निरीक्षण शुरू कर दिया है और दो दिन बाद मंच लगाने का काम शुरू होगा, लेकिन बारिश ने आयोजकों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।





Total Users : 31442
Leave a comment