Home ताज़ा ख़बर हातोद भाजपा नगर महामंत्री ने खोली नगर परिषद के भ्रष्टाचार की पोल
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिकराजनीति

हातोद भाजपा नगर महामंत्री ने खोली नगर परिषद के भ्रष्टाचार की पोल

नगर परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा नेताओं ने दिया धरना

हातोद नगर परिषद में व्याप्त बेलगाम भ्रष्टाचार और बदहाल जनसमस्याओं को लेकर अब अपनों ने ही बगावत का बिगुल फूंक दिया है। नगर परिषद की तानाशाही और अनदेखी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नगर महामंत्री नरोत्तम चौधरी के नेतृत्व में भाजपाइयों और आक्रोशित नगरवासियों ने नंदलाल चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। अपने ही सरकार और परिषद के खिलाफ भाजपा नेताओं के सड़क पर उतरने से प्रशासनिक महकमे और सत्ता के गलियारों में हड़कंप मच गया है।

प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों और अध्यक्ष मोतीलाल राजोरिया पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने तथा जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नगर महामंत्री नरोत्तम चौधरी ने नगर परिषद के कारनामों की पोल खोलते हुए बताया कि हातोद चौराहे से नंदलाल चौक तक 60 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ गई। घटिया सामग्री के इस्तेमाल से सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। उन्होंने बताया कि नगर में पिछले दो महीनों से नलों में बदबूदार और दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। नगरवासी पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं और बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे लगता है कि नगर परिषद के जिम्मेदार किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। चौधरी ने आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर बने करीब पांच सार्वजनिक शौचालयों को तोड़कर वह जमीन निजी हाथों में सौंप दी गई। इसमें लाखों रुपये का लेन-देन हुआ और राजनीतिक दबाव में मामले को दबा दिया गया। नगर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति हो रही है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद धरातल पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

अध्यक्ष की गैर-जिम्मेदाराना चुप्पी

जब इस पूरे घटनाक्रम और भ्रष्टाचार के आरोपों पर नगर परिषद अध्यक्ष मोतीलाल राजोरिया से बात की गई, तो उनका रटा-रटाया और गैर-जिम्मेदाराना जवाब सामने आया। उन्होंने कहा, “मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मैं उनसे बात करता हूं और जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान करने की कोशिश करेंगे।”

नगर अध्यक्ष के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि उन्हें नगर की समस्याओं और जनता के आक्रोश की कोई परवाह नहीं है।

“नगर परिषद में भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है और जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और समस्याओं का समाधान नहीं निकलता, यह लड़ाई जारी रहेगी।”
नरोत्तम चौधरी, नगर महामंत्री, भाजपा

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Our Visitor

024361
Total Users : 24361

Related Articles