Home एक्टिव मतदान में चार दिन शेष, दतिया के रण में उतरे स्टार प्रचारक
एक्टिवताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशराजनीति

मतदान में चार दिन शेष, दतिया के रण में उतरे स्टार प्रचारक

कांग्रेस की जातीय गणित साधने की बड़ी कवायद

दतिया उपचुनाव में अब मतदान के लिए केवल चार दिन शेष रह गए हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने जो वचन दिया है, उसे निभाना है और आशुतोष की जोड़ी को जिताना है। सिंधिया ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया से किए गए हर वादे पूरे किए जाएंगे। उन्होंने चुनावी माहौल में भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील भी की।

25 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दतिया पहुंचकर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस ने भी जातीय और सामाजिक समीकरण साधने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेता दतिया में डेरा डाले हुए हैं। पार्टी ने अलग-अलग वर्गों और समाजों के बीच पहुंच बढ़ाने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। कांग्रेस का पूरा फोकस अनुसूचित जाति, आदिवासी और परंपरागत समर्थक वोट बैंक को मजबूत बनाए रखने पर है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 26 जुलाई को दतिया पहुंचेंगे, जबकि कमलनाथ अब तक कांग्रेस के लिए वोट मांगने नहीं पहुंचे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार संगठन और चुनाव प्रबंधन की कमान संभाले हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कार्यकर्ताओं की बैठकें कर रहे हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, सिद्धार्थ कुशवाह और कैलाश कुशवाह सहित कई नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कांग्रेस ने जातीय गणित साधने के लिए ब्राह्मण, क्षत्रिय और ओबीसी वर्ग के नेताओं को प्रत्येक बूथ और बस्ती की जिम्मेदारी दी है। दूसरी ओर भाजपा भी उपचुनाव के लिए रोजाना अलग रणनीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दतिया में चुनावी सभा के साथ प्रबुद्धजन बैठक और व्यापारी सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031551
Total Users : 31551

Related Articles