एआईसीटीएसएल के नाम पर सरकारी स्कूल में निजी बसें खड़ी कराने का आरोप
इंदौर। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) के नाम का कथित फर्जी लेटरपैड तैयार कर उसका इस्तेमाल सरकारी स्कूल परिसर में निजी बसों की पार्किंग के लिए अनुमति लेने के मामले में करीब पांच साल बाद पुलिस ने चालान पेश किया है। मामले में पूर्व पार्षद इफ्तेखार (मुन्ना) अंसारी को पुलिस ने फरार बताया है। बुधवार को जिला कोर्ट में चालान पेश किए जाने के बाद अदालत ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई तक आरोपी को पेश किया जाए। मामले में अब 2 सितंबर को सुनवाई होगी।
मामला वर्ष 2021 में दर्ज हुआ था। शुरुआती जांच और एफआईआर में धाराओं को लेकर सवाल उठने के बाद मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा था। अब पुलिस ने बढ़ी हुई धाराओं के साथ जिला कोर्ट में चालान पेश किया है। मामले की जड़ में एआईसीटीएसएल के नाम का कथित फर्जी लेटरपैड है। आरोप है कि मुन्ना अंसारी ने एआईसीटीएसएल के नाम का लेटरपैड तैयार किया और उस पर एक पत्र बनाया। इसी पत्र के आधार पर अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी की बसों को सरकारी स्कूल परिसर में खड़ा करने के लिए अनुमति हासिल करने का प्रयास किए जाने का आरोप है।
एफआईआर में धाराओं को लेकर उठे थे सवाल। हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्रवाई और धाराओं को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया था। पुलिस ने हाई कोर्ट को बताया कि मामले में धाराएं बढ़ा दी गई हैं। पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि जोड़ी गई धाराएं गंभीर अपराध से संबंधित हैं। इसके बाद जिला कोर्ट में चालान पेश किया गया है।




Total Users : 31515
Leave a comment