Home ताज़ा ख़बर एरोड्रम क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

एरोड्रम क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

स्कॉर्पियो सवार युवक घायल अवस्था में छोड़कर हुए फरार, पुलिस जांच में जुटी

इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के सुविधि नगर इलाके में रहने वाले 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक शनिवार रात अपनी पत्नी से दोस्त से मिलने होटल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कुछ घंटों बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। इलाज के लिए उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने इस पूरे मामले को हत्या बताते हुए कुछ अज्ञात युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान रोहित बरबेले पिता लालाराम बरबेले (32) निवासी सुविधि नगर के रूप में हुई है। पत्नी निकिता बरबेले ने बताया कि शनिवार रात करीब 3 बजे रोहित ने कहा था कि वह अपने एक दोस्त से मिलने होटल जा रहे हैं। इसके बाद वे अपनी ऑल्टो कार लेकर घर से निकले थे। देर रात परिवार को सूचना मिली कि रोहित गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले हैं और उन्हें एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने जताई हत्या की आशंका

पति की मौत के बाद अस्पताल पहुंची पत्नी निकिता ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई है। निकिता का कहना है कि रोहित के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और ऐसा लग रहा था मानो उन्हें घसीटा गया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। निकिता के अनुसार कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि पटेल नगर इलाके में रोहित की ऑल्टो कार खड़ी थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां पहुंची। स्कॉर्पियो से कुछ युवक उतरे और गंभीर रूप से घायल रोहित को उनकी कार के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एरोड्रम थाना पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं पुलिस की टीम पटेल नगर और सुविधि नगर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा सके। इसके अलावा रोहित के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उनकी आखिरी बार किससे बातचीत हुई थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने की बात कह रही है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

019217
Total Users : 19217

Related Articles