ठेकेदारों ने आबकारी विभाग की कार्रवाई को दिखाया ठेंगा

कार्रवाई के बाद 24 घंटे में खुली अवैध शराब दुकानें

देपालपुर। दैनिक इंदौर संकेत

जिला कलेक्टर और जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में शराब ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। रंगवासा क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा नियम-कायदों को ताक पर रखकर खुलेआम अवैध अड्डे संचालित किए जा रहे हैं। हाल ही में हुई कार्रवाई के महज 24 घंटे के भीतर फिर से अवैध बिक्री शुरू होने से प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि रंगवासा क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा खुलेआम बेची जा रही अवैध शराब की शिकायतों के बाद आबकारी विभाग के एरिया इंचार्ज राजेश बट्टी की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की थी।

खबर प्रकाशित होते ही रंगवासा शराब के अड्डों पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई

विभाग ने आबकारी अधिनियम की धारा 34/1 के तहत करीब 5 मामले दर्ज कर कार्रवाई की थी।

कार्रवाई का असर बेअसर, बेखौफ बिक रही शराब

स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार, रंगवासा शराब ठेकेदार संतोष मालवीय और पार्टनर जगदीश गहलोत को विभाग की इस कार्रवाई का कोई खौफ नहीं है। महज 24 घंटे भीतर ही फिर से वही अवैध शराब के अड्डे सजा दिए गए और यह गंदा खेल दोबारा शुरू हो गया। ठेकेदारों के इस बेखौफ रवैये से ऐसा प्रतीत होता है मानो वे पुलिस और आबकारी प्रशासन को खुला ठेंगा दिखा रहे हों।

ग्रामीणों में आक्रोश, एरिया इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली कटघरे में

एक तरफ आबकारी विभाग जिले भर में बड़ी-बड़ी कार्रवाई करने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में ठेकेदार नियमों की धज्जियां उड़ाकर क्षेत्र में अराजकता फैला रहे हैं। इस घटनाक्रम से एरिया इंस्पेक्टर राजेश बट्टी की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजेश बट्टी को क्षेत्र का प्रभार संभाले करीब एक महीना बीत चुका है। लेकिन वे अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। प्रशासनिक ढील और ठेकेदारों की दबंगई के कारण क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग अब सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से 19 लोगों की मृत्यु की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई है

उसके बावजूद भी संतोष-जगदीश की जुगलबंदी रंगवासा में अवैध शराब का काला खेल चला रहे हैं। क्या आबकारी और पुलिस सागर में हुई घटना का इंतजार कर रही है? आखिर किसके संरक्षण पर शराब माफिया अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं? विश्वसनीय सूत्र बताते हैं कि जगदीश गहलोत का उज्जैन कनेक्शन बड़ा मजबूत है।

रंगवासा शराब दुकान से दूसरे जिलों में भी माल की सप्लाई होती है। उज्जैन का नाम आते ही अधिकारी कार्रवाई करने से पीछे हट जाते हैं। एरिया इंस्पेक्टर राजेश बट्टी की कार्रवाई को रंगवासा शराब ठेकेदारों ने खुलेआम तमाचा जड़ा है, जो 24 घंटे के अंदर दोबारा अवैध अड्डे चालू हो गए। इससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि जिले के आबकारी अधिकारियों से भारी रंगवासा शराब ठेकेदार दिखाई दे रहे हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031495
Total Users : 31495

Related Articles