शराब के लिए पैसे नहीं देने पर किया था हमला, पुलिस ने पैदल जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश
इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने युवक पर चाकू से हमला कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में दो युवक और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के बाद वारदात स्थल पर पैदल जुलूस निकालकर अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने का संदेश दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित सचिन चौधरी अपने दोस्त शिव के साथ भंवरकुआं की ओर जा रहा था। राजमोहल्ला क्षेत्र में उसने कुछ युवकों से रास्ता पूछा। इसी दौरान आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। सचिन द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकुओं से उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही छत्रीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पीयूष योगी (23), निवासी लोकनायक नगर, आयुष तंवर (31), निवासी हरिओम नगर तथा एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया।
छत्रीपुरा थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पैदल जुलूस भी निकाला, ताकि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया जा सके।पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।




Total Users : 24432
Leave a comment