ट्रायल सफल, अब दौड़ेगी हेरिटेज ट्रेन
इंदौर-महू। पातालपानी–कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन के तालापानी–कालाकुंड दोबारा संचालन की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में इस हेरिटेज सेक्शन पर ट्रेन का सफल ट्रायल रन किया गया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की मजबूती, सिग्नलों की स्थिति और कोचों की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा गया, जिसके बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।
बीकानेर में हुआ कायाकल्प— हेरिटेज ट्रेन के सभी 6 कोचों को विशेष रखरखाव और कायाकल्प के लिए राजस्थान के बीकानेर वर्कशॉप भेजा गया था। पिछले सप्ताह मेंटेनेंस के बाद इन कोचों को इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन लाया गया। वहां से मालगाड़ी के जरिए इन्हें पातालपानी स्टेशन पहुंचाया गया, जहां कोचों को मालगाड़ी से उतारकर मीटरगेज ट्रैक पर स्थापित किया गया।
4 नॉन-एसी और 2 विस्टाडोम कोच बढ़ाएंगे सफर का रोमांच— पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार इस हेरिटेज ट्रेन में कुल 6 कोच शामिल रहेंगे। प्रकृति के खूबसूरत और विहंगम दृश्यों का 360 डिग्री व्यू देने के लिए इसमें 2 विशेष एसी विस्टाडोम कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा बजट अनुकूल यात्रा के लिए 4 नॉन-एसी कोच भी ट्रेन का हिस्सा रहेंगे।
क्षेत्र में रोजगार को लगेंगे पंख, बुकिंग सिर्फ ऑनलाइन होगी
ट्रेन सेवा दोबारा बहाल होने से पातालपानी और कालाकुंड क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, छोटे दुकानदारों और पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन में सफर के लिए यात्रियों को सिर्फ आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ऑनलाइन एडवांस रिजर्वेशन कराना होगा। ऑफलाइन टिकट काउंटर की कोई व्यवस्था नहीं रहेगी।

रेलवे प्रशासन जल्द ही इसके नियमित संचालन का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर देगा, जिसके बाद आगामी शनिवार से पर्यटक इस रोमांचक सफर का आनंद ले सकेंगे।
सफर रोमांच से भरपूर
पातालपानी से कालाकुंड के बीच का यह 9.5 किलोमीटर का सफर घने जंगलों, घुमावदार घाटियों, चार ऐतिहासिक सुरंगों और पातालपानी झरने के ठीक पास से होकर गुजरता है। इसे देखने के लिए देशभर से सैलानी यहां पहुंचते हैं।





Total Users : 31463
Leave a comment