भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन का विस्तारित कार्यकाल आगामी 31 अगस्त को समाप्त हो रहा है। हालांकि उनके कार्यकाल में अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है, लेकिन प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या उन्हें एक और एक्सटेंशन मिलेगा या फिर राज्य की सबसे बड़ी प्रशासनिक कुर्सी पर कोई नया चेहरा नजर आएगा। फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं है और अंतिम निर्णय के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे अनुराग जैन की सेवानिवृत्ति की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे उन्हें सेवा विस्तार मिलने की संभावनाएं भी बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
दरअसल, हाल के दिनों में मुख्यमंत्री के साथ बैठकों और विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों के दौरान अनुराग जैन की सक्रिय भूमिका को देखते हुए यह माना जा रहा है कि सरकार उनके कार्य से संतुष्ट है। इसी वजह से उनके एक और एक्सटेंशन की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। हालांकि, तस्वीर पूरी तरह साफ अगस्त के अंतिम सप्ताह में ही होगी। तभी यह तय होगा कि अनुराग जैन को सेवा विस्तार मिलेगा या फिर केंद्र अथवा मध्य प्रदेश के किसी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को 1 सितंबर से मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अनुराग जैन 3 अक्टूबर 2024 से मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें 1 सितंबर 2025 से सेवा विस्तार दिया गया था, जिसका कार्यकाल अगस्त 2026 में पूरा हो रहा है।




Total Users : 23828
Leave a comment