Home ताज़ा ख़बर मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण के लिए नगर निगम का नया मॉडल
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिक

मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण के लिए नगर निगम का नया मॉडल

छावनी और जिंसी सड़क 60 फीट चौड़ी बनेगी, लेकिन भवन अनुज्ञा 80 फीट के अनुसार ही मिलेगी

इंदौर नगर निगम ने शहर की मास्टर प्लान सड़कों के निर्माण के लिए नया मॉडल तैयार किया है। इसके तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मास्टर प्लान में निर्धारित चौड़ाई को फिलहाल व्यावहारिक रूप से कम करते हुए सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस मॉडल की शुरुआत छावनी क्षेत्र से की जा रही है। क्षेत्र के रहवासियों के विरोध को देखते हुए निगम ने पहले चरण में सड़क को 60 फीट चौड़ा बनाने का निर्णय लिया है, जबकि भवन अनुज्ञा (बिल्डिंग परमिशन) अब भी मास्टर प्लान में निर्धारित 80 फीट सड़क चौड़ाई के अनुसार ही जारी की जाएगी।

निर्धारित चौड़ाई पर ही होगी नई पासिंग

नगर निगम के जनकार्य विभाग के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर के अनुसार, जब तक इंदौर मास्टर प्लान में सड़क की चौड़ाई 80 फीट दर्ज है, तब तक भवन अनुज्ञा भी उसी आधार पर जारी की जाएगी। भवन स्वामियों को भविष्य में किसी प्रकार के नुकसान से बचने के लिए 80 फीट चौड़ाई को ध्यान में रखकर ही निर्माण करना होगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल मास्टर प्लान में सड़कों से जुड़े भवनों के बाधक हिस्सों को हटाकर लगभग 60 फीट चौड़ी सड़क तैयार की जा रही है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को तत्काल राहत मिले।

दूसरे चरण में होगा पूर्ण चौड़ीकरण

नगर निगम का कहना है कि भविष्य में जब सड़क चौड़ीकरण का दूसरा चरण शुरू होगा, तब आवश्यकता पड़ने पर संबंधित भवन स्वामियों को निर्धारित सीमा तक निर्माण हटाना पड़ सकता है। इसलिए अभी से मास्टर प्लान के अनुरूप भवन निर्माण करने की सलाह दी जा रही है।

निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से वर्तमान में सड़क निर्माण में आ रही बाधाएं कम होंगी और भविष्य में दोबारा बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। इससे रहवासियों को राहत मिलने के साथ-साथ शहर के मास्टर प्लान को भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकेगा।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031540
Total Users : 31540

Related Articles