Home ताज़ा ख़बर इंदौर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: रोबोट चौराहे पर बनेगा 60 करोड़ का फ्लायओवर, डिजाइन तैयार
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौर

इंदौर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: रोबोट चौराहे पर बनेगा 60 करोड़ का फ्लायओवर, डिजाइन तैयार

इंदौर। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल रोबोट चौराहे पर जल्द ही फ्लायओवर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने परियोजना की तैयारी तेज कर दी है। फ्लायओवर का डिजाइन लगभग तैयार हो चुका है और अगले एक-दो महीने में चर्चा के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे।

रोबोट चौराहा वर्तमान में शहर के सबसे अधिक ट्रैफिक जाम वाले स्थानों में से एक है। पिपलियाहाना, बंगाली और खजराना चौराहों पर फ्लायओवर बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात तो सुगम हुआ, लेकिन रोबोट और रेडिसन चौराहे पर अब भी सुबह-शाम लंबा जाम लगता है। कई बार वाहन चालकों को सिग्नल बदलने के तीन-चार चक्र तक इंतजार करना पड़ता है।

फ्लायओवर की खास बातें

  • अनुमानित लागत करीब 60 करोड़ रुपये
  • फ्लायओवर की लंबाई लगभग 500 मीटर होगी।
  • दोनों ओर 12-12 मीटर चौड़ी दो-दो लेन बनाई जाएंगी।
  • फ्लायओवर के बीच से मेट्रो कॉरिडोर गुजरेगा।
  • डिजाइन अंतिम चरण में, जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

रेडिसन चौराहे पर अंडरपास की भी तैयारी

आईडीए रोबोट चौराहे के साथ-साथ रेडिसन चौराहे पर भी अंडरपास बनाने की संभावना तलाश रहा है। हालांकि यहां मेट्रो के पिलर और पाइल कैप तकनीकी चुनौती बने हुए हैं। इसके लिए सर्वे जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।

आईडीए के सीईओ डॉ. परिक्षित झाड़े के अनुसार, रोबोट चौराहे के फ्लायओवर की ड्रॉइंग-डिजाइन लगभग तैयार है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद रिंग रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और हजारों वाहन चालकों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031521
Total Users : 31521

Related Articles