Home ताज़ा ख़बर इंदौर में अवैध हथियारों का जाल उजागर
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में अवैध हथियारों का जाल उजागर

युवक ने 12 से ज्यादा लोगों को बेची पिस्टल, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

इंदौर में अवैध हथियारों की सप्लाई को लेकर राजेंद्र नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तीन दिन पहले पिस्टल के साथ पकड़े गए एक युवक से पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इलाके में पिछले दो महीनों में 12 से ज्यादा लोगों को अवैध पिस्टल बेची जा चुकी हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस अब हथियार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने ममता नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अक्षय शर्मा निवासी द्वारकापुरी को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई थाना प्रभारी यशवंत बड़ोले की टीम ने की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में अक्षय शर्मा ने खुलासा किया कि उसे यह पिस्टल चेतन नाथ निवासी अहीरखेड़ी ने बेची थी। आरोपी ने यह भी बताया कि चेतन नाथ पिछले करीब दो महीनों से इलाके में सक्रिय होकर एक दर्जन से अधिक लोगों को अवैध हथियार बेच चुका है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अक्षय के बयान के आधार पर पुलिस टीम ने चेतन नाथ के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार चेतन नाथ पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। साथ ही जिन लोगों ने उससे पिस्टल खरीदी हैं, उनकी पहचान भी की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि अवैध हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं में किया जा सकता था। डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031534
Total Users : 31534

Related Articles