इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज गैंगवार ने पूरे शहर को दहला दिया। भिंड जिले की पुरानी रंजिश का बदला लेने आए हथियारबंद बदमाशों ने रिंग रोड पर एक कार को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कार सवार युवक अभि उर्फ अवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है।
रिंग रोड पर फिल्मी अंदाज में वारदात
जानकारी के मुताबिक, मृतक अभि उर्फ अवि हाल ही में इंदौर के महालक्ष्मी नगर इलाके में आकर रहने लगा था। बुधवार रात वह अपने एक दोस्त के साथ कार में सवार होकर रिंग रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 4 से 5 बदमाशों ने उसकी कार का पीछा शुरू कर दिया। गुलाब बाग कॉलोनी के पास आरोपियों ने कार का रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि कार सवार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से रिंग रोड पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने कई राउंड फायर किए। गोलियां सीधे कार के शीशों और दरवाजों को चीरती हुई अभि के शरीर में जा धंसीं। गंभीर चोटों के कारण उसने कार की सीट पर ही दम तोड़ दिया।

साथी भी घायल, अस्पताल में भर्ती
फायरिंग के दौरान कार में मौजूद उसका साथी भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, उसे गोली के छर्रे और टूटे कांच लगने से चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भिंड की पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे भिंड जिले की पुरानी गैंग रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भिंड में गुलशन नामक युवक की हत्या हुई थी। उस मामले में अभि उर्फ अवि मुख्य आरोपियों में शामिल था और वह जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद अभि को अपनी जान का खतरा था, जिसके चलते वह इंदौर आकर रहने लगा था। हालांकि, विरोधी गुट लगातार उसकी तलाश में था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुलशन के भाइयों और साथियों को अवि के इंदौर में छिपे होने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद आरोपी कई दिनों तक इंदौर में रहकर उसकी गतिविधियों की रेकी करते रहे। बुधवार रात जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दे दिया।

घटनास्थल पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
घटना की सूचना मिलते ही लसूडिया थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसीपी पराग सैनी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा नजर आ रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
चंबल क्षेत्र में दबिश की तैयारी
एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों के साथ-साथ चंबल क्षेत्र के लिए भी रवाना कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के बाद इंदौर में एक बार फिर बाहरी गैंगों की सक्रियता और अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।





Total Users : 19217
Leave a comment