Home ताज़ा ख़बर इंदौर में अब पांच के बजाय होंगे 10 फायर स्टेशन
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिकराजनीति

इंदौर में अब पांच के बजाय होंगे 10 फायर स्टेशन

ट्रेनिंग ग्राउंड फायर स्टेशन के काम में तेजी, चार और स्थानों पर ढूंढी जमीनें

इंदौर शहर में अभी पांच फायर स्टेशन हैं, जिन्हें बढ़ाकर अब 10 किया जा रहा है। ट्रेनिंग ग्राउंड में नया फायर स्टेशन बनाया जा रहा है, जबकि चार अन्य स्थानों के लिए देवास नाका, स्कीम-78, एमआर-10 ब्रिज के समीप और सिरपुर क्षेत्र में जमीनें चिह्नित की गई हैं। इन स्थानों पर जमीन मिलने के बाद फायर स्टेशन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

वर्तमान में शहर के पुराने फायर स्टेशन गांधी हॉल, मोती तबेला, लक्ष्मीबाई नगर, जीएनटी मार्केट और सांवेर रोड पर संचालित हैं। लेकिन शहर का लगातार विस्तार, हाईराइज इमारतों की बढ़ती संख्या और नए रिहायशी क्षेत्रों के विकसित होने से कई इलाकों में दमकल वाहनों को पहुंचने में काफी समय लग रहा है। इससे लोगों में नाराजगी भी सामने आती रही है। कई बार दूरस्थ क्षेत्रों और कॉलोनियों में आग लगने की घटनाओं के दौरान दमकलें ट्रैफिक जाम के कारण समय पर नहीं पहुंच पातीं, जिससे जान-माल का नुकसान अधिक होता है। इसी को देखते हुए नगर निगम ने शहर में फायर स्टेशनों की संख्या दोगुनी करने की योजना बनाई है। अधिकारियों के अनुसार सभी जोनों में अलग-अलग स्थानों पर जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए थे। इनमें कुछ जमीनें नगर निगम की हैं, जबकि कुछ प्रशासन की हैं।

80 लाख से लेकर 4 करोड़ तक की लागत के फायर स्टेशन

नगर निगम ट्रेनिंग ग्राउंड में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से नया फायर स्टेशन बना रहा है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर बनने वाले बड़े फायर स्टेशनों पर 2 करोड़ से 4 करोड़ रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। इन नए फायर स्टेशनों पर अतिरिक्त फायरकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए नई भर्तियां भी होंगी, क्योंकि वर्तमान में फायर स्टेशनों पर स्टाफ की कमी है। साथ ही फायर ब्रिगेड के लिए नई अत्याधुनिक दमकलें और आधुनिक संसाधन भी खरीदे जाएंगे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031551
Total Users : 31551

Related Articles