इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद अपहरण की घटना में बदल गया। आरोपियों ने एक युवक को चाकू की नोक पर जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया और करीब 5 किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सरवटे बस स्टैंड पर एजेंटों के बीच विवाद बढ़ा, चाकू दिखाकर युवक को कार में बैठाया
घटना 4 मई की दोपहर की है, जब सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में सवारी बैठाने को लेकर एजेंटों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, फरियादी आकाश सिलावट बसों में सवारी बैठाने का काम करता है। इसी दौरान उसका विवाद विनय पुत्र कल्लू सोनकर निवासी भोलाराम उस्ताद मार्ग और उसके साथियों से हो गया। विवाद के कुछ देर बाद आरोपी कार लेकर मौके पर पहुंचे और चाकू दिखाकर आकाश को जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद वे उसे अपने साथ ले गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे मामले का खुलासा हुआ। अपहरण के दौरान आकाश का छोटा भाई भी मौके पर मौजूद था। भाई ने तुरंत छोटी ग्वालटोली थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को जबरन कार में ले जाने की पुष्टि की। इसी बीच, आरोपियों ने आकाश को भंवरकुआं क्षेत्र के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। आकाश ने बाद में अपने परिजनों को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फरियादी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला, जिससे आम जनता में सुरक्षा का संदेश दिया जा सके।




Total Users : 17317
Leave a comment