इंदौर। कलेक्टोरेट के कई विभागों में कई कर्मचारी कई वर्षों से डटे हुए हैं। ऐसे ही यहां के कॉलोनी सेल विभाग में तीन पटवारी हैं जो करीब 6 वर्षों से अंगद की तरह जमे हैं। इस विभाग में कई अधिकारी, कर्मचारी और पटवारी आए और चले गए, लेकिन ये तीनों पटवारी वर्तमान में भी जमे हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि कलेक्टर ऑफिस में कॉलोनी सेल बनाए जाने के समय से ही इनकी पदस्थापना यहां की गई थी। हाल ही में भी पटवारी और राजस्व निरीक्षकों के तबादले हुए, लेकिन इसके बावजूद भी इन तीनों का ट्रांसफर नहीं किया गया।
जानकारी अनुसार कलेक्टोरेट के कॉलोनी सेल विभाग में तीनों पटवारी करीब 6 वर्षों से जमे हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि ये ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलोनियों को विकास अनुमति दिए जाने संबंधित कार्य संपादित करते हैं और विकसित होने वाली कॉलोनी के लिए कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाना, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के प्लॉट संबंधित कार्य देखती हैं। यहीं पदस्थ एक अन्य पटवारी कॉलोनियों के लिए लाइसेंस जारी करना और टीएनसीपी संबंधित कार्य देखते हैं।
लगभग 70 फीसदी कार्य इन्हीं के पास
सूत्रों के अनुसार कॉलोनी विकसित किए जाने संबंधित लगभग 70 फीसदी कार्य इन्हीं तीनों पटवारियों के पास हैं। तीनों पटवारियों के लंबे समय से जमे होने के मामले में कॉलोनी सेल प्रभारी एसडीएम रोशनी पाटीदार से जब चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मामले में देखकर ही कुछ बता पाऊंगी। बताया जाता है कि सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों को अधिकतम 3 वर्ष में ट्रांसफर किए जाने संबंधित नियम है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि शायद इन तीनों ही पटवारियों पर यह नियम लागू नहीं होता। शायद यही कारण है कि करीब 6 वर्षों से यह एक ही विभाग में जमे हुए हैं।






Total Users : 31486
Leave a comment