Home ताज़ा ख़बर भीषण गर्मी से प्राणियों को राहत: इंदौर जू में कूलर और स्विमिंग पूल की व्यवस्था
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौर

भीषण गर्मी से प्राणियों को राहत: इंदौर जू में कूलर और स्विमिंग पूल की व्यवस्था

इंदौर। गर्मी की शुरुआत के साथ ही तापमान लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी को देखते हुए इंदौर के चिड़ियाघर में रहने वाले प्राणियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा प्राणियों को गर्मी से बचाने के लिए कई तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए शेर, भालू और अन्य बिल्ली प्रजाति के प्राणियों के पिंजरों में कूलर लगाए गए हैं। इसके साथ ही कई बाड़ों में पानी के कुंड और छोटे स्विमिंग पूल भी बनाए गए हैं, जिससे प्राणी पानी में रहकर गर्मी से राहत महसूस कर सकें।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से रेप्टाइल प्रजाति के वन्य प्राणी, जैसे सांप आदि अत्यधिक गर्मी सहन नहीं कर पाते हैं। कई बार ज्यादा तापमान के कारण उनकी मौत भी हो जाती है। इसे देखते हुए उनके इनक्लोजर को ठंडा रखने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

इसके अलावा चिड़ियाघर के कई पिंजरों और बाड़ों पर ग्रीन नेट लगाई गई है, ताकि सीधे धूप का असर कम हो सके। साथ ही पूरे परिसर में समय-समय पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है, जिससे वातावरण ठंडा बना रहे।

चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार गर्मी के मौसम में सभी प्राणियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है और उन्हें संतुलित आहार दिया जा रहा है, ताकि वे स्वस्थ रहें और गर्मी का असर कम हो सके। इन व्यवस्थाओं से उम्मीद है कि चिड़ियाघर में रहने वाले प्राणियों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031527
Total Users : 31527

Related Articles