इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में भरोसे को तोड़ने वाली चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। एक निजी अस्पताल संचालक के यहां से 25 लाख रुपये की नकदी चोरी करने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि उसका ही भरोसेमंद चालक निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 24 लाख रुपये नकद भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल संचालक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पास रखी 25 लाख रुपये की नकदी गायब हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लसूड़िया थाना पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने के साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल और घर से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान चालक के बयान संदिग्ध पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यह जानकारी थी कि नकदी कहां रखी जाती है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने मौका देखकर पूरी रकम चुरा ली और अलग-अलग स्थानों पर छिपा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए। शेष राशि के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार पूछताछ के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।






Total Users : 23481
Leave a comment