Home ताज़ा ख़बर आग की लपटों में घिरी फैक्ट्री, ढाई घंटे की जंग के बाद काबू
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

आग की लपटों में घिरी फैक्ट्री, ढाई घंटे की जंग के बाद काबू

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में बुधवार अल सुबह एक बेकरी फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में फैक्ट्री में रखा तैयार माल और कच्चा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

दरअसल, इंदौर-धार रोड स्थित ग्राम सिंहासा में संचालित सूफा बेकरी में सुबह अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री में टोस्ट, कुकीज, क्रीम रोल सहित अन्य बेकरी उत्पाद तैयार किए जाते थे। आग लगने से तैयार माल के साथ-साथ रॉ मटेरियल भी पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की नाकाबंदी कर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, बेकरी परिसर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई थी, हालांकि समय रहते फायर टीम की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

017325
Total Users : 17325

Related Articles