27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त सुबह 6 बजे तक इंटरसिटी चार्टर बसों में नहीं देना होगा किराया
रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाने वाली बहनों के लिए अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (AICTCL) ने खास सुविधा शुरू की है। इंदौर से प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर संचालित चार्टर बसों में महिलाओं को 48 घंटे तक मुफ्त सफर की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान महिलाओं को इन चार्टर बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
पहली बार लगातार 48 घंटे मुफ्त यात्रा
AICTCL की चार्टर बसों में रक्षाबंधन के अवसर पर पहली बार लगातार 48 घंटे महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इससे इंदौर से बाहर जाने और अलग-अलग शहरों से इंदौर आने वाली बहनों को राहत मिलेगी। त्योहार के दौरान निजी बसों में किराया बढ़ने की स्थिति के बीच चार्टर बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा देने से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। चार्टर बसों के रोजाना 150 से अधिक फेरे होते हैं।
इन प्रमुख मार्गों पर मिलेगा लाभ
महिलाएं इंदौर से भोपाल, सागर, उज्जैन, खरगोन, धार, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, गुना, अशोकनगर और ब्यावरा सहित प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
सिटी बसों में मुफ्त सफर पर अभी औपचारिक घोषणा नहीं
रक्षाबंधन पर AICTCL की शहर में संचालित सिटी बसों में भी महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा दी जाती रही है। हालांकि, इस वर्ष AICTCL की ओर से अभी तक इस संबंध में औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। औपचारिक आदेश जारी होने के बाद ही सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की अवधि और नियम स्पष्ट होंगे।
चार्टर बस के प्रमुख कैलाश चौहान के अनुसार, सामान्य दिनों में इन बसों से रोजाना करीब 5 से 6 हजार यात्री सफर करते हैं। त्योहारों के दौरान यह संख्या बढ़कर 8 से 9 हजार प्रतिदिन तक पहुंच जाती है। इनमें महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत रहती है। ऐसे में रक्षाबंधन के 48 घंटों के दौरान हजारों महिलाओं को बिना किराया चुकाए अपने भाई-बहनों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। खासकर मायके जाने वाली महिलाओं के लिए यह सुविधा त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ और यात्रा खर्च के बीच बड़ी राहत साबित हो सकती है।





Total Users : 31508
Leave a comment