Home ताज़ा ख़बर हाथी ने ऑटो चालक को सूंड से उठाकर पटक दिया, पैर से कुचला; इलाज के दौरान मौत, महावत हिरासत में
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

हाथी ने ऑटो चालक को सूंड से उठाकर पटक दिया, पैर से कुचला; इलाज के दौरान मौत, महावत हिरासत में

इंदौर। चंदननगर थाना क्षेत्र में हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में हाथी के महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर (49 वर्ष) निवासी इंदौर के रूप में हुई है। विजय ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना चंदननगर थाना क्षेत्र स्थित राज नगर पुलिस चौकी के पास हुई थी।

गुड़ खिलाते समय अचानक उग्र हुआ हाथी

जानकारी के मुताबिक एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हाथी को उसका महावत उज्जैन से इंदौर लेकर आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को लेकर इलाके में घूम रहा था और लोगों से दान मांग रहा था। इसी दौरान विजय वहां पहुंचा और हाथी को गुड़ खिलाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हाथी बेकाबू हो गया। उसने विजय को अपनी सूंड में लपेटकर हवा में उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उसके ऊपर पैर भी रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल विजय को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाद में वर्मा यूनियन अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में हाथी द्वारा अचानक हमला किए जाने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महावत हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने मामले में हाथी के महावत को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सार्वजनिक स्थान पर हाथी को घुमाने और लोगों के बीच ले जाने के दौरान सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031556
Total Users : 31556

Related Articles