Home ताज़ा ख़बर हॉर्न बजाने पर बवाल! इंदौर में सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, कार के बोनट पर चढ़कर युवक ने किया उत्पात
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

हॉर्न बजाने पर बवाल! इंदौर में सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, कार के बोनट पर चढ़कर युवक ने किया उत्पात

रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रोड रेज की घटना, कार में सवार परिवार दहशत में; वीडियो वायरल

इंदौर। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कार चालक द्वारा हॉर्न बजाने से नाराज युवक ने कार को रोक लिया और गुस्से में कार के बोनट पर चढ़ गया। इसके बाद उसने वाहन के आगे के हिस्से और शीशों पर हमला कर नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना कार में मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर हुए इस विवाद के दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। कार में मौजूद परिवार लगातार युवक से शांत रहने की अपील करता रहा, लेकिन वह नहीं माना और काफी देर तक उत्पात मचाता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने रावजी बाजार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में शामिल करते हुए आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में बढ़ती रोड रेज की घटनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी विवाद की स्थिति में संयम रखें और कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031556
Total Users : 31556

Related Articles