Home ताज़ा ख़बर निगम रिमूवल कार्रवाई में बवाल, एडिशनल डीसीपी को दिया धक्का
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभागप्रशासनिक

निगम रिमूवल कार्रवाई में बवाल, एडिशनल डीसीपी को दिया धक्का

भीड़ को हटाने पहुंचे थे दिशेष अग्रवाल, धक्का लगने से जमीन पर गिरे; पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लिया, 15 नामजद समेत अन्य पर एफआईआर

दैनिक इंदौर संकेत | इंदौर

इंदौर में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम को बुधवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। साउथ तोड़ा क्षेत्र में चल रही रिमूवल कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब भीड़ को समझाने और हटाने पहुंचे एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को युवकों ने कथित तौर पर धक्का दे दिया। धक्का लगने से एडिशनल डीसीपी जमीन पर गिर गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती की और कुछ युवकों के साथ मारपीट की।

घटना के बाद रावजी बाजार थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोकसेवक के साथ धक्का-मुक्की के मामले में 15 लोगों को नामजद करते हुए अन्य लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले में छह युवकों को हिरासत में लिया है।

दो एकड़ सरकारी जमीन से हटाया कब्जा

जानकारी के मुताबिक, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम बुधवार को साउथ तोड़ा क्षेत्र में कान्ह नदी के किनारे स्थित सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। प्रशासन के अनुसार यहां करीब दो एकड़ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया था।

इस जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके पर अवैध रूप से शेड बनाकर 50 से अधिक दुकानें संचालित की जा रही थीं। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण कान्ह नदी का बहाव भी प्रभावित हो रहा था। एसडीएम घनश्याम धनगर के मुताबिक कार्रवाई के दौरान सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया है। क्षेत्र में आने वाले समय में सड़क निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का काम भी प्रस्तावित है।

सामान बाहर निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद

रिमूवल कार्रवाई के दौरान निगम की टीम द्वारा दुकानों और शेड में रखा सामान बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं की पुलिस और निगमकर्मियों से बहस हो गई। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और कार्रवाई में बाधा नहीं डालने की अपील की। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

भीड़ हटाने पहुंचे एडिशनल डीसीपी, धक्का लगने से गिरे

विवाद बढ़ता देख एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। वह भीड़ को पीछे हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा उन्हें कथित तौर पर धक्का दिया गया। धक्का लगने से एडिशनल डीसीपी जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाई। पुलिस ने कुछ युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

प्रधान आरक्षक की शिकायत पर एफआईआर

रावजी बाजार थाना पुलिस ने मामले में प्रधान आरक्षक मुकेश गायकवाड़ की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में बताया गया कि नगर निगम की रिमूवल कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी दीप सिंह परमार के साथ पुलिस बल मौके पर मौजूद था। एफआईआर के मुताबिक, स्थानीय निवासी कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम को रोकने लगे। पुलिस द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई।

इन लोगों पर नामजद एफआईआर

पुलिस ने मामले में मोहम्मद जमील, मोहम्मद अम्मार, मोहम्मद हुजेफा, मोहम्मद मुबस्सीर, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद कय्यूम, मैहजबी, खन्सा खान, जररि खान, अकरम, अस्फाक, इस्तियाक, ताहान, कादिर और नदीम सरकार के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। इनके अलावा अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

बीएनएस की धारा 132 और 3(5) लगाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। यह धारा लोकसेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने से संबंधित है। इसके साथ ही बीएनएस की धारा 3(5) भी लगाई गई है। यह प्रावधान एक से अधिक लोगों द्वारा साझा मंशा से किए गए कृत्य में संयुक्त जिम्मेदारी से संबंधित है।

छह युवक हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने धक्का-मुक्की और विवाद में शामिल बताए जा रहे छह युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना के वीडियो तथा मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि एडिशनल डीसीपी को धक्का किस व्यक्ति ने दिया और विवाद के दौरान किन लोगों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाई।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031443
Total Users : 31443

Related Articles

एक्टिवताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिकराजनीति

काकरोच फड़णवीस सरकार के पीछे ही पड़े

मुंबई (एजेंसी)। काकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके ने नया ऐलान...