Home एक्टिव निगम-मंडल की सूची हुई तैयार… अब ऐलान का इंतजार!
एक्टिवताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरराजनीति

निगम-मंडल की सूची हुई तैयार… अब ऐलान का इंतजार!

लंबी बैठक और गहन मंथन के बाद 14 से 15 नामों पर बनी सहमति

भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे समय से अटकी निगम-मंडलों, विकास प्राधिकरणों और विभिन्न बोर्डों में राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा संगठन के बीच कई दौर की बैठकों और मंथन के बाद करीब 14 से 15 नामों पर लगभग सहमति बनने की चर्चा है। इनमें क्षेत्रीय, राजनीतिक, सामाजिक और जातीय समीकरणों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, चूंकि दतिया उपचुनाव में ये फैक्टर बेहद ही खासतौर पर उभरकर सामने आया है।

सबसे ज्यादा इन जिलों पर नजर

सत्ता और संगठन से जुड़े सूत्रों का दावा है कि संभावित नामों का पैनल तैयार कर लिया गया है और केंद्रीय तथा प्रदेश नेतृत्व के स्तर पर अंतिम सहमति के बाद नियुक्तियों की घोषणा का सिलसिला शुरू हो सकता है। हालांकि, अभी तक सरकार या भाजपा संगठन की ओर से किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रदेश की राजनीति इंदौर, भोपाल और जबलपुर विकास प्राधिकरण सहित पर्यटन, औद्योगिक, खनिज, बीज एवं फार्म विकास निगम और विभिन्न बोर्डों की नियुक्तियों पर टिकी हुई है।

14 से 15 नियुक्तियों से शुरू हो सकता है पहला चरण

सूत्रों के मुताबिक, सरकार सभी रिक्त राजनीतिक पदों पर एक साथ नियुक्तियां करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से घोषणा कर सकती है। पहले चरण में करीब 14 से 15 महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां किए जाने की संभावना है। इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ जातीय, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। मालवा-निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल, विंध्य और ग्वालियर-चंबल अंचल के नेताओं को प्रतिनिधित्व देने की कवायद चल रही है।

इंदौर विकास प्राधिकरण में कई दावेदार

इंदौर विकास प्राधिकरण में नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई नामों की चर्चा तेज है। सूत्रों के मुताबिक, कैलाश विजयवर्गीय के राजनीतिक खेमे से हरिनारायण यादव का नाम प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। इसके अलावा कमलेश शर्मा, पूर्व विधायक जीतू जिराती, गोपीकृष्ण नेमा, टीनू जैन और मुकेश राजावत के नामों पर भी संगठन स्तर पर विचार-विमर्श होने की चर्चा है। अंतिम फैसला क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर किया जा सकता है। पर्यटन विकास निगम के लिए कई बड़े नाम, औद्योगिक विकास निगम के लिए अनुभवी नेताओं की चर्चा, खनिज विकास निगम के लिए ऐसे नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जिन्हें चुनाव के समय टिकट नहीं मिला था और पार्टी ने उन्हें समायोजित करने का आश्वासन दिया था।

अंतिम सूची पर सबकी नजर

निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां भाजपा के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण हैं, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहने के बावजूद किसी बड़ी जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में नियुक्तियों की यह सूची केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसके जरिए पार्टी आगामी राजनीतिक समीकरणों को भी साधने की कोशिश करेगी। फिलहाल सभी की निगाहें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हैं। यदि संगठन और सरकार के बीच नामों पर अंतिम सहमति बन जाती है, तो मध्यप्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का लंबा इंतजार जल्द समाप्त हो सकता है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031490
Total Users : 31490

Related Articles