Home ताज़ा ख़बर इंदौर में देर रात जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 32 लोग गिरफ्तार
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

इंदौर में देर रात जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 32 लोग गिरफ्तार

इंदौर। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित पूल क्लब पर छापा मारकर 32 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से नकदी, ताश की गड्डियां और जुए में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई लसूड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर स्थित 60 फीट रोड पर संचालित एक पूल क्लब में की गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भवन की ऊपरी मंजिल पर देर रात तक अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है और वहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र की घेराबंदी कर तड़के करीब तीन बजे दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने क्लब के अंदर मौजूद 32 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।छापे के दौरान पुलिस ने करीब 1 लाख 44 हजार रुपए नकद, कई ताश की गड्डियां तथा जुए के खेल में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हर्षित द्विवेदी, सुशील, जितेंद्र गुप्ता, सतीश समेत कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि जिस भवन में यह गतिविधि संचालित हो रही थी, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मकान मालिक को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं और कहीं वह इसके संचालन में किसी प्रकार से शामिल तो नहीं था। शहर में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031538
Total Users : 31538

Related Articles