शाखा संगम के लिए 20 रुपए की रसीद से पंजीयन, श्रम साधकों से भी होगा संवाद
इंदौर संकेत प्रतिनिधि
भोपाल • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के कार्यक्रम में शामिल होने वाले स्वयंसेवकों का 20 रुपए की रसीद से पंजीयन किया जा रहा है। शाखा संगम में 30 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों को एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन को अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम बनाने का लक्ष्य दिया गया है। सरकार्यवाह होसबाले चार साल बाद 20 सितंबर को भोपाल में गणवेशधारी स्वयंसेवकों से रूबरू होंगे।
लाल परेड मैदान में होने वाले इस आयोजन में संघ के स्वयंसेवक शारीरिक व्यायाम, दंड प्रयोग और योग का प्रदर्शन करेंगे। संघ ने इस बार राजधानी में उनके छह अलग-अलग कार्यक्रम तय किए हैं। इनमें जन-जी से संवाद के साथ श्रमिक वर्ग, रेहड़ी-गुमटी संचालकों, लेबर, कॉन्ट्रैक्टर और मैकेनिक जैसे विभिन्न कामकाज में लगे श्रम साधकों के सम्मेलन को संबोधित करने का कार्यक्रम भी शामिल है।
स्वयंसेवकों का पंजीयन : लाल
परेड मैदान के कार्यक्रम में शहर के चुनिंदा गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। भोपाल विभाग के भोपाल, प्रताप, भोजपुर, बैरसिया, तात्याटोपे नगर और विदिशानगर क्षेत्र के स्वयंसेवकों का पंजीयन चल रहा है। संघ के अनुसार, श्रम साधक सम्मेलन में विभिन्न कामकाज से जुड़े करीब एक हजार लोगों को शामिल किया जाएगा। सरकार्यवाह पहली बार इस वर्ग के साथ इस तरह के कार्यक्रम में संवाद करेंगे।
शाखा विस्तार पर भी जोर : संघ ने भोपाल के विभिन्न मोहल्लों में 15 अगस्त के बाद शाखाओं के विस्तार का कार्यक्रम चलाया है। शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित शाखा संगम में इन मोहल्ला शाखाओं की भी भागीदारी रहेगी।




Total Users : 31443
Leave a comment