Home ताज़ा ख़बर दो साल से फरार 5 हजार का इनामी तस्कर इमरान सकरिया गिरफ्तार, 10.50 लाख की ब्राउन शुगर मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

दो साल से फरार 5 हजार का इनामी तस्कर इमरान सकरिया गिरफ्तार, 10.50 लाख की ब्राउन शुगर मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता

इंदौर, संकेत प्रतिनिधि। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी इमरान सकरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम वर्ष 2024 में सामने आए 10.50 लाख रुपये की ब्राउन शुगर तस्करी के चर्चित मामले में सामने आया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2024 में क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान के दौरान आरोपी शादाब खान को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 105.16 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। जब्त मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई थी। मामले की जांच और पूछताछ के दौरान शादाब खान ने खुलासा किया था कि यह ब्राउन शुगर उसे इमरान सकरिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। शादाब के बयान के आधार पर पुलिस ने इमरान सकरिया को मामले में आरोपी बनाया था, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इंदौर सहित आसपास के कई जिलों में लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा

शुक्रवार रात क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी इमरान सकरिया शहर के पटेल प्रतिमा चौराहे के आसपास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। कुछ ही देर में आरोपी को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को क्राइम ब्रांच कार्यालय लाकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर की खेप कहां से प्राप्त करता था और इंदौर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।क्राइम ब्रांच आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इमरान सकरिया से पूछताछ के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े कई अन्य तस्करों और सप्लायरों के नाम सामने आ सकते हैं।

जल्द हो सकती हैं और गिरफ्तारियां

पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031521
Total Users : 31521

Related Articles