इंदौर। शहर में 20-21 जून से मेट्रो का व्यावसायिक संचालन शुरू होने जा रहा है। हालांकि शुरुआत से पहले ही इसके किराए को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिस दूरी के लिए वर्तमान में सिटी बसों में 30 रुपये तक किराया लगता है, उसी दूरी के लिए मेट्रो में यात्रियों को 80 रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं।
बस से 50 रुपये ज्यादा खर्च
मेट्रो के प्रस्तावित किराए के अनुसार लंबी दूरी की यात्रा पर यात्रियों को करीब 80 रुपये तक खर्च करना होगा। वहीं इसी रूट पर चल रही सिटी बसों में सफर करने पर लगभग 30 रुपये का किराया लगता है। यानी यात्रियों को बस की तुलना में 50 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।

16 स्टेशनों के बीच शुरू होगा संचालन
मेट्रो कॉर्पोरेशन गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक के रूट पर व्यावसायिक संचालन शुरू करने जा रहा है। इस कॉरिडोर में कुल 16 स्टेशन बनाए गए हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि शुरुआत में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक यात्री मेट्रो से सफर करेंगे।
यात्रियों के पास पहले से कई विकल्प
मेट्रो से समय की बचत जरूर होगी, लेकिन यात्रियों के पास पहले से निजी वाहन, सिटी बस, ऑटो और ई-रिक्शा जैसे कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में अधिक किराया होने के कारण नियमित यात्रियों को मेट्रो अपनाने में हिचक हो सकती है।
पार्किंग और कनेक्टिविटी भी चुनौती
मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन तक पहुंचने और वहां से गंतव्य तक जाने में अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा, जिससे यात्रा और महंगी हो जाएगी।
मेट्रो परियोजना की लागत बढ़ी
इधर, भोपाल मेट्रो परियोजना की बढ़ी हुई लागत को लेकर हाल ही में कैबिनेट ने 13,565.84 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। मूल लागत 6,941.40 करोड़ रुपये थी, जिसमें अतिरिक्त लागत जुड़ने के बाद परियोजना की कुल लागत 10,033.62 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
अंडरग्राउंड रूट पर अब भी फैसला बाकी
इंदौर मेट्रो के रखजराना चौराहा से एमजी रोड तक प्रस्तावित अंडरग्राउंड रूट को लेकर अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस महत्वपूर्ण हिस्से को लेकर अभी भी मंथन जारी है।
दिल्ली और लखनऊ से भी ज्यादा किराया
यात्रियों का कहना है कि इंदौर मेट्रो का किराया दिल्ली और लखनऊ जैसी मेट्रो सेवाओं की तुलना में अधिक है। हालांकि मेट्रो कॉर्पोरेशन का तर्क है कि इंदौर में लखनऊ मेट्रो के फेयर मॉडल को अपनाया गया है और भविष्य में आवश्यकता अनुसार किराए की समीक्षा की जा सकेगी।
सबसे बड़ा सवाल—क्या यात्री बस छोड़ेंगे?
मेट्रो के शुभारंभ के शुरुआती दिनों में लोग उत्सुकतावश सफर जरूर करेंगे, लेकिन नियमित रूप से कितने यात्री बस की जगह मेट्रो को चुनते हैं, यह देखने वाली बात होगी। अधिक किराया मेट्रो के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन सकता है।





Total Users : 20349
Leave a comment