Home ताज़ा ख़बर परीक्षा प्रणाली और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में लापरवाही
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिकराजनीतिशिक्षा

परीक्षा प्रणाली और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में लापरवाही

बीए अंतिम वर्ष के रिजल्ट में ‘विथहेल्ड’,एमए में प्रोविजनल प्रवेश लेने वाले परेशान

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में लगातार बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को बीए अंतिम वर्ष के परिणाम से जुड़ा मामला सामने आया, जहां सब कुछ सामान्य होने के बावजूद छात्र के रिजल्ट पर ‘विथहेल्ड’ दर्ज कर दिया गया। तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ी के कारण एमए में प्रोविजनल प्रवेश लेने वाले छात्र परेशान हो रहे हैं। एक छात्र अपने भाई के साथ विश्वविद्यालय पहुंचा। उसने बताया कि बीए थर्ड ईयर में उसे एक विषय में पूरक आई है, लेकिन डिवीजन वाले कॉलम में ‘विथहेल्ड’ लिखा हुआ है। जबकि कई छात्र ऐसे भी हैं जो पास हैं, लेकिन उनके रिजल्ट में भी ‘विथहेल्ड’ लिखा हुआ है।

दो विषय में सप्लीमेंट्री

बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष में पास होने वाले छात्र रंजीत डावर ने अंतिम वर्ष की परीक्षा दी। तृतीय वर्ष में उन्हें फाउंडेशन और इतिहास विषय में सप्लीमेंट्री (पूरक) आई। रंजीत ने बताया कि उन्होंने एमए में प्रोविजनल एडमिशन लिया है, क्योंकि सप्लीमेंट्री का परिणाम घोषित नहीं हुआ है। कॉलेजों में दस्तावेज जमा करने और प्रोविजनल प्रवेश को पक्का करने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

जनसुनवाई में भी छात्र परेशान

विश्वविद्यालय में हर मंगलवार को छात्रों की समस्या हल करने के लिए जनसुनवाई होती है। मंगलवार को सुबह से ही छात्र पहुंचना शुरू हो गए। जनसुनवाई का समय सुबह 11.30 बजे से है, लेकिन जिम्मेदार 12 बजे तक पहुंचे। छात्रों का कहना है कि हमारी समस्या हल करने वाले जवाबदार ही देर से पहुंचते हैं।

तय समय में नहीं दिए दस्तावेज तो रद्द हो जाएगा एडमिशन

नियम अनुसार यदि तय समय सीमा के अंदर अंतिम वर्ष का उत्तीर्ण परिणाम और अंकसूची प्रस्तुत नहीं की जाती है, तो प्रोविजनल प्रवेश स्वतः रद्द माना जाता है। ऐसे में समय पर परिणाम न मिलने और मार्कशीट पर ‘विथहेल्ड’ का ठप्पा होने से छात्र का पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब हो सकता है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031463
Total Users : 31463

Related Articles