अक्षय तिवारी
सफाई के बाद स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में भी इंदौर ने बाजी मारी है। टॉप-3 में जगह बनाते हुए शहर दूसरे स्थान पर रहा। सूत्रों के मुताबिक 7 सितंबर को दिल्ली में इंदौर को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
स्वच्छता के बाद अब स्वच्छ वायु के मामले में भी इंदौर ने देशभर में अपनी पहचान कायम रखी है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणामों में इंदौर को देश के टॉप-3 शहरों में जगह मिली है। इसके लिए इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा की पहल रंग लाई है। कलेक्टर की मेहनत का श्रेय कोई भी नेता ले ले, लेकिन वास्तविकता रूप में देखा जाए तो यह अभियान कलेक्टर शिवम वर्मा ने व्यक्तिगत रूप से चलाया था।
हालांकि आधिकारिक रैंकिंग की घोषणा 7 सितंबर को नई दिल्ली में होगी। सूत्रों के मुताबिक इंदौर ने इस सर्वेक्षण में दूसरा स्थान हासिल किया है। नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन के गंगा ऑडिटोरियम में होने वाले स्वच्छ वायु दिवस समारोह में इंदौर को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सराहना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
धूल से लेकर ई-वाहनों तक
नगर निगम के मुताबिक शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए कई स्तरों पर काम किया गया। इनमें सड़क की सफाई से लेकर निर्माण मलबे के वैज्ञानिक निपटान और सार्वजनिक परिवहन में ई-वाहनों को बढ़ावा देने जैसे प्रयास शामिल हैं। सड़कों की सफाई के लिए धूल नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाया गया। शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अलग-अलग जगहों पर ग्रीन बेल्ट विकसित किए गए। इसके साथ ही निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया गया।
समारोह में मिलेगा सम्मान
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर के महापौर और निगमायुक्त को आमंत्रित किया गया है। जिला के मुखिया जिला कलेक्टर को आमंत्रित नहीं किया जाना भी प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्वच्छ वायु के अभियान को लेकर इंदौर नगर निगम के साथ जिला प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद रहा। बहरहाल नगर निगम के अधिकारियों तक भी पुरस्कार से जुड़ी जानकारी पहुंच चुकी है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव परिणामों की औपचारिक घोषणा करेंगे।
महापौर ने दी जानकारी
इंदौर महापौर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 पुरस्कार को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि- सफाई में नंबर वन शहर को कल दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए, अच्छे प्रयास करने के लिए पुरस्कृत करने वाले हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि, बाकी पूरे शहर की सफाई व्यवस्था इंदौर के नागरिक देख रहे हैं। सब लोग अपने गली-मोहल्लों को साफ कर रहे हैं।






Total Users : 31524
Leave a comment