नई प्रदेश कार्यकारिणी छोटी होगी, इसमें करीब 125 पदाधिकारी शामिल होंगे,अक्टूबर, 2024 में घोषित प्रदेश कार्यकारिणी में 310 पदाधिकारी शामिल थे
इंदौर संकेत प्रतिनिधि
भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मप्र कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी भंग करने की तैयारी कर ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि एक सप्ताह में प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी जाएगी। इसके बाद दो महीने के भीतर नई कार्यकारिणी की घोषणा होगी। पार्टी ने नई प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की संख्या सीमित रखने का निर्णय लिया है। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष, महासचिव और सचिव को मिलाकर अधिकतम 125 पदाधिकारी शामिल होंगे।
पिछले दिनों हुई मप्र कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी भंग करने का निर्णय लिया गया था। जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों हुई प्रदेश कांग्रेस के कामकाज की समीक्षा बैठक में सामने आया था कि मप्र कांग्रेस अधिकृत प्रदेश पदाधिकारी निष्क्रिय हैं। इसे देखते हुए पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी का नए सिरे से गठन कर सक्रिय नेताओं को पदाधिकारी बनाने का निर्णय लिया है। नई कार्यकारिणी का गठन आगामी विधानसभा का ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी भंग होने की खबरें सामने आने के बाद वर्तमान प्रदेश पदाधिकारियों में हलचल मच गई है। वे इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि उन्हें नई कार्यकारिणी में जगह मिलेगी या नहीं। कई पदाधिकारी नई कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं।
अजब गजब कांग्रेस, छह महीने से प्रवक्ता ही नहीं
मप्र में पिछले छह महीने से कांग्रेस का कोई प्रदेश प्रवक्ता नहीं है। पार्टी ने फरवरी में प्रवक्ताओं को पदमुक्त कर दिया था। नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति के लिए कांग्रेस ने दो चरणों में टैलेंट हंट अभियान शुरू किया था। इसका पहला चरण मार्च में पूरा हुआ था। इसके बाद कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा के कनाडा चले जाने के कारण टैलेंट हंट का दूसरा चरण अटक गया था। कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार विभाग के टैलेंट हंट का आयोजन कर रहा था। एक बार फिर इसमें टैलेंट हंट के दूसरे चरण को पूरा रहने के बाद 13 मई को पार्टी मीडिया एवं प्रचार विभाग की ओर से ऑनलाइन इंटरव्यू हुए थे। पूर्व प्रवक्ताओं ने भी इंटरव्यू दिए थे। पार्टी की तरफ से मई के आखिरी तक नए प्रवक्ताओं को नाम घोषित किए जाने की बात कही गई थी। फिलहाल इंटरव्यू हुए तीन महीने से ज्यादा बीत चुके हैं, लेकिन पार्टी अब तक प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा नहीं कर पाई है। टैलेंट हंट के जरिए 20 प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और जिला प्रवक्ताओं का चयन किया जाना है।
60 विभाग-प्रकोष्ठ हो चुके हैं भंग
पिछले दिनों मप्र कांग्रेस के 60 विभागों और प्रकोष्ठों को भंग किया जा चुका है। इससे पहले नवंबर, 2025 में भी प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा की गई जिला संगठन मंत्रियों की नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया था।
प्रदेश कार्यकारिणी अक्टूबर, 2024 में घोषित हुई थी। प्रदेश कार्यकारिणी में 310 पदाधिकारी शामिल थे। नए साल में चार जिलों—सागर, छिंदवाड़ा, मंडला और झाबुआ की कार्यकारिणी को भंग किया गया था। बाद में एआईसीसी की नई गाइडलाइन जारी होने के बाद इन जिलों में दोबारा कार्यकारिणी का गठन किया गया। पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार बड़े जिलों में अधिकतम 51 पदाधिकारी और छोटे जिलों में अधिकतम 31 पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश महासचिव संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले का कहना है कि कार्यकारिणी भंग करने और नई कार्यकारिणी घोषित करने के संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान को करना है।





Total Users : 31523
Leave a comment