Home एक्टिव शहर की सड़कों पर गड्ढे से ज्यादा खतरनाक नुकीले सरिए
एक्टिवताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरप्रशासनिक

शहर की सड़कों पर गड्ढे से ज्यादा खतरनाक नुकीले सरिए

सड़क पर दिखते नहीं, जेब पर सीधा असर; टायर फटने से हादसे का भी खतरा

इंदौर। शहर की सड़कों पर गड्ढों से ज्यादा अब जमीन से बाहर निकली नुकीली सरिए और लोहे के एंगल वाहन चालकों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। सड़क और फुटपाथ के आसपास निर्माण कार्यों के बाद छोड़े गए लोहे के अवशेष कई जगह जमीन से बाहर निकले हुए हैं। दिन के समय तो ये दिखाई दे जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में इनका पता लगाना मुश्किल हो जाता है।वाहन चालक जब ट्रैफिक के बीच से निकलता है तो उसका ध्यान सामने और आसपास चल रहे वाहनों पर रहता है। ऐसे में सड़क से कुछ इंच बाहर निकला लोहे का टुकड़ा दिखाई नहीं देता और वाहन सीधे उसके ऊपर चढ़ सकता है। इससे टायर कटने या फटने की आशंका रहती है।

टायर खराब होने से जेब पर भी असर

नुकीली सरिया या लोहे का एंगल वाहन के टायर को नुकसान पहुंचाता है। टायर कटने या फटने के बाद वाहन मालिक को नया टायर खरीदना पड़ सकता है। यदि चलते वाहन का टायर अचानक फट जाए तो वाहन का संतुलन भी बिगड़ सकता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक ऐसी स्थिति में गंभीर हादसे का शिकार हो सकते हैं। चार पहिया वाहन में भी अचानक टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ सकता है। ट्रैफिक के बीच ऐसा होने पर दूसरे वाहनों से टक्कर की आशंका बढ़ जाती है।

रात में ज्यादा खतरनाक

दिन में सड़क पर मौजूद लोहे के टुकड़े किसी तरह नजर आ जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में इनकी पहचान करना मुश्किल होता है। पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर चालक को अंतिम समय तक इनका पता नहीं चलता। अचानक सामने आने पर वाहन चालक ब्रेक लगाने की कोशिश करता है, जिससे पीछे से आ रहे वाहन से टक्कर की स्थिति भी बन सकती है।

पैदल राहगीर भी खतरे में

जमीन से बाहर निकली नुकीली सरिए केवल वाहन चालकों के लिए ही खतरा नहीं हैं। सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी ये दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। रात में दिखाई नहीं देने पर पैर सरिया से टकराने या उसमें फंसने से चोट लग सकती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए ऐसे स्थान ज्यादा जोखिम वाले हैं। फुटपाथ के आसपास निकली सरिया या एंगल से टकराकर गिरने पर गंभीर चोट लग सकती है।

निर्माण कार्य के बाद छोड़े गए अवशेष

शहर की अलग-अलग सड़कों और फुटपाथों के आसपास निर्माण कार्यों के बाद लोहे के एंगल और सरिए के अवशेष छोड़े गए हैं। कई जगह इन्हें काटकर हटाने या जमीन के स्तर तक समतल करने की कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सड़क पर मौजूद ये लोहे के टुकड़े पहले से ही लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं तो किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है।

नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग

समाजसेवी एवं आरटीआई एक्टिविस्ट नरेंद्र गोस्वामी ने इस समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शहर की मुख्य सड़कों के साथ आंतरिक मार्गों और फुटपाथों का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जहां भी जमीन से सरिए, लोहे के एंगल या अन्य नुकीले अवशेष बाहर निकले हुए हैं, उन्हें काटकर हटाया जाए या जमीन के स्तर तक समतल किया जाए। इससे वाहन चालकों के टायरों को होने वाले नुकसान को रोका जा सकेगा और पैदल राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

बड़े हादसे से पहले हो कार्रवाई

गोस्वामी ने मांग की है कि नगर निगम संबंधित अमले के माध्यम से शहरभर में अभियान चलाकर ऐसे खतरनाक स्थानों को चिन्हित करे। मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक सड़कों और फुटपाथों की भी जांच की जाए। जहां भी जमीन से सरिया, एंगल या लोहे के अन्य अवशेष बाहर निकले हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। इससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने के साथ-साथ टायर फटने और वाहन का संतुलन बिगड़ने से होने वाले गंभीर हादसों को भी रोका जा सकता है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031515
Total Users : 31515

Related Articles