पीएम की सलाह पर मध्यप्रदेश में सीएम ने मारी बाजी
भोपाल। राजनीति में सोशल मीडिया का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म बन चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने, विशेष रूप से इंस्टाग्राम पर रील्स और शॉर्ट वीडियो के माध्यम से युवाओं तक सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने की सलाह दी थी। इसका असर अब मध्यप्रदेश सरकार में भी दिखाई देने लगा है।

मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट्स के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर सामने आया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता के मामले में सबसे आगे हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 20 लाख फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री लगातार सरकारी कार्यक्रमों, विकास कार्यों, धार्मिक आयोजनों, जनसभाओं और प्रदेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते रहते हैं। यही कारण है कि उनकी डिजिटल पहुंच लगातार बढ़ रही है।
कैलाश विजयवर्गीय मंत्रियों में सबसे आगे
कैबिनेट मंत्रियों की बात करें तो नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंस्टाग्राम पर सबसे अधिक लोकप्रिय मंत्री हैं। उनके लगभग 7.44 लाख फॉलोअर्स हैं। विजयवर्गीय अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा सामाजिक गतिविधियों, विकास कार्यों और व्यक्तिगत संदेशों को भी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करते रहते हैं।

उनके बाद सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग करीब 3.84 लाख फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल हैं, जिनके लगभग 1.77 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल करीब 1.55 लाख फॉलोअर्स के साथ चौथे स्थान पर हैं।
कई मंत्रियों की सोशल मीडिया पर सीमित मौजूदगी
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि प्रदेश सरकार के कई मंत्री अब भी सोशल मीडिया पर अपेक्षाकृत कम सक्रिय हैं। कुछ मंत्रियों के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 10 हजार से भी कम है। इससे उनकी डिजिटल पहुंच सीमित मानी जा रही है, जबकि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनता से सीधे संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।
सबसे कम इंस्टाग्राम फॉलोअर्स कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह के हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर केवल 3,924 फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं। सोशल मीडिया विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मंत्री नियमित रूप से वीडियो, रील्स और जनहित से जुड़े कंटेंट साझा करें तो उनकी पहुंच तेजी से बढ़ सकती है।
डिजिटल राजनीति का बढ़ता प्रभाव
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अब चुनावी राजनीति के साथ-साथ जनसंपर्क में भी सोशल मीडिया निर्णायक भूमिका निभा रहा है। नेता जितने अधिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय होंगे, उतनी ही तेजी से उनकी बात जनता तक पहुंचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया रणनीति को देखते हुए अब राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री भी डिजिटल माध्यमों पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। आने वाले समय में मध्यप्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों की सोशल मीडिया सक्रियता में भी वृद्धि देखने को मिल सकती है।




Total Users : 31553
Leave a comment