1991 बैच के आईएएस अधिकारी वर्णवाल मध्यप्रदेश के नए और कुल 35वें मुख्य सचिव होंगे। सरकार ने बुधवार देर रात 1990 बैच के वरिष्ठ आईएएस डॉ. राजेश राजौरा को सुपरसीड करते हुए उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। वर्णवाल गुरुवार को पदभार संभालेंगे। उनकी सेवानिवृत्ति जनवरी 2027 में है।
वर्तमान मुख्य सचिव और 1989 बैच के आईएएस अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने नीति आयोग का सीईओ नियुक्त किया है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने बुधवार शाम आदेश जारी किए। अनुराग का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।
सबसे ज्यादा चार साल सीएमओ में पीएस रहे वर्णवाल एक ऐसे अधिकारी हैं, जो भाजपा सरकार में 20 नवंबर 2015 से 30 अप्रैल 2018 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रमुख सचिव रहे। इसके बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो डेढ़ साल तक तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रमुख सचिव रहे। दिग्विजय सिंह के प्रतिनियुक्तिकाल के दौरान कमलनाथ के प्राइवेट सेक्रेटरी भी रहे।
आदेश से पहले ही वर्णवाल को सीएम हाउस ले गए अनुराग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जुलाई के पहले सप्ताह से ही नए सीएस के नाम पर मंथन शुरू कर दिया था। बुधवार दोपहर तक वर्णवाल की मुख्यमंत्री से सहमति बनी। अनुराग जैन से भी राय ली गई। उन्होंने भी नाम का समर्थन किया।
तबादला सूची जल्द
वर्णवाल के पास स्वास्थ्य विभाग के एसीएस का जिम्मा था। अब वे सीएम से चर्चा करके तय करेंगे कि स्वास्थ्य का जिम्मा किसे दिया जाए। जल्द आईएएस के फेरबदल की सूची जारी हो सकती है।
राजौरा तीसरी बार चूके, मंत्रालय से बाहर जाएंगे
डॉ. राजेश राजौरा लगातार तीसरी बार मुख्य सचिव नहीं बन सके। सितंबर 2024 में अनुराग जैन की सीएस पद पर नियुक्ति हुई और अगस्त 2025 में एक साल के एक्सटेंशन के समय भी राजौरा ही प्रमुख दावेदार थे। इस बार भी उनका नाम सबसे आगे माना जा रहा था। राजौरा मई 2027 में सेवानिवृत्त होंगे। उनसे जूनियर वर्णवाल के सीएस बनने के बाद अब उनकी मंत्रालय से बाहर पोस्टिंग की संभावना है। उन्हें प्रशासन अकादमी का महानिदेशक, माध्यमिक शिक्षा मंडल या कर्मचारी चयन मंडल का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
एक दिन पहले खाया भुट्टा… आ गया नीति आयोग का बुलावा
मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाए जाने की खबर के बाद प्रदेश में नए मुख्य सचिव की सुगबुगाहट तेज हो गई। नए नेतृत्व की घोषणा के साथ प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।





Total Users : 24372
Leave a comment