इंदौर। एक ओर नगर निगम पूरे शहर में नए पेवर ब्लॉक लगाने पर रोक की बात करता रहा, दूसरी ओर अब उसी निगम ने तीन कॉलोनियों में पेवर ब्लॉक बिछाने के टेंडर जारी कर दिए हैं। इस फैसले ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन पेवर ब्लॉकों को गुणवत्ता और भ्रष्टाचार की शिकायतों के चलते बंद करने का दावा किया गया था, अब वही काम फिर से शुरू होने जा रहा है। इससे कई तरह के सवाल उठ गए हैं कि आखिर प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित था या फिर कुछ क्षेत्रों के लिए नियम अलग हैं।
नगर निगम ने वार्ड-9 की पेनजॉन कॉलोनी, वृंदावन कॉलोनी और महेश गार्डन लाइन सहित आसपास के क्षेत्रों में नए पेवर ब्लॉक लगाने के लिए टेंडर जारी किए हैं। खास बात यह है कि पिछले कुछ महीनों से निगम के इंजीनियरिंग विभाग ने शहर में नए पेवर ब्लॉक लगाने के प्रस्तावों पर रोक लगा रखी थी। इसकी वजह बार-बार उखड़ने वाले पेवर ब्लॉक, घटिया निर्माण और बड़े पैमाने पर सामने आई अनियमितताओं की शिकायतें थीं।
भागीरथपुरा में सड़क चौड़ीकरण और नई सड़कें
नगर निगम ने भागीरथपुरा क्षेत्र में भी विकास कार्यों की तैयारी तेज कर दी है। आरके नगर निगम के पास और खेत वाली गली में नई सड़कें बनाई जाएंगी। इसके साथ ही सड़कों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। जहां अतिक्रमण या बाधक निर्माण होंगे, वहां मकानों और दुकानों के हिस्से हटाकर रास्ता चौड़ा किया जाएगा। इससे पहले भी इस क्षेत्र की कई गलियों का चौड़ीकरण कर नई सड़कें बनाई जा चुकी हैं और अब अगले चरण के कार्य शुरू होने वाले हैं।
सबसे बड़ा सवाल
एक तरफ निगम पेवर ब्लॉक को लेकर गड़बड़ियों और गुणवत्ता पर सवाल उठाकर नए कार्यों पर रोक लगाता है, दूसरी तरफ उन्हीं पेवर ब्लॉकों के नए टेंडर जारी कर देता है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या नियम बदलते हैं, या फिर कुछ क्षेत्रों के लिए अलग व्यवस्था लागू की जाती है? निगम के इस विरोधाभासी फैसले पर अब लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
पुराने शहर की सड़कें भी होंगी सीमेंटेड
इंदौर में सिंधी सेतु से करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से पुराने शहर के कई हिस्सों में सड़क निर्माण और बेसलाइन सुधार का काम भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत राम मंदिर, शुभम चौक, इमली बाजार, पानी की टंकी, बोहरा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सीमेंट कंक्रीट सड़कें बनाई जाएंगी।





Total Users : 23793
Leave a comment