पांच मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त, शहर में कई झपटमारी की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद
इंदौर। महंगे शौक पूरे करने के लिए राह चलते लोगों से मोबाइल झपटने वाले दो शातिर बदमाशों को कनाडिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल स्नैचिंग की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को छोटा राजबाड़ा प्रतिमा के पास ऑटो का इंतजार कर रही शिवांगी सेन के हाथ से एक्टिवा सवार दो बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर कनाडिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सन्नी सिंह टुटेजा (24) निवासी सतवास, जिला देवास (हाल निवासी मयूर नगर, मूसाखेड़ी) तथा अजय बानखेड़े (20) निवासी गोपालपुरा, जिला खरगोन (हाल निवासी मयूर नगर, मूसाखेड़ी) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोबाइल झपटमारी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने सन्नी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा (क्रमांक MP-09-DS-4507) बरामद की, जबकि अजय के पास से दो अन्य मोबाइल फोन जब्त किए गए।
अन्य मामलों में भी हो सकता है खुलासा
पुलिस अब दोनों आरोपियों से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई अन्य मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों से कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी अपने महंगे शौक और खर्च पूरे करने के लिए मोबाइल झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। इस कार्रवाई में कनाडिया थाना प्रभारी सहर्ष यादव, उप निरीक्षक दीपक पालिया, थाना पुलिस टीम तथा साइबर सेल जोन-2 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





Total Users : 23793
Leave a comment