इंदौर। शहर के चारों ओर हर तरफ इलाकों में फुटपाथ पर अवैध कब्जे, नाश्ते के ठेले और सड़क पर जाम एक तरह से आम हो गया है। ना इसमें यातायात पुलिस कुछ कर पा रही है और नगर निगम तो इस कदर बेबस है कि कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। नगर निगम का रिमूवल विभाग केवल दिखावे की कार्रवाई कर रहा है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।
बताया जाता है कि कई बार सीएम हेल्पलाइन से लेकर जनसुनवाई में भी इस तरह की शिकायत होती रही है। शहर के मध्य इलाके राजवाड़ा, खजूरी बाजार, कृष्णपुरा, जेल रोड, एमजी रोड, जवाहर मार्ग, छावनी, बाणगंगा, मल्हारगंज, सियागंज, भंवरकुआं, विजय नगर, अन्नपूर्णा रोड, कर्बला मैदान से लेकर हर तरफ इस तरह की स्थिति देखने को मिल रही है कि फुटपाथ और सड़क पर अवैध अतिक्रमण के चलते यातायात न केवल जाम हो रहा है बल्कि कई घंटे तक परेशान लोग जूझते हैं। पहले फुटपाथ और सड़क के कब्जे हटाने के लिए निगम की मोबाइल कोर्ट चलती थी, मगर लंबे समय से यह भी कोई कार्रवाई नहीं होने से मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। खासकर अन्नपूर्णा रोड हो, दशहरा मैदान इलाका हो, वहां अतिक्रमण कर सड़क पर ही व्यापार-व्यवसाय करने के कारण राह चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके खिलाफ भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इतना सब कुछ होने के बावजूद समय-समय पर यदि कार्रवाई भी होती है तो निगम कर्मचारियों और उनके बीच विवाद हो जाता है और इन्हें छूट मिल जाती है। फिर से सड़क पर कब्जा करने के लिए जबकि इससे कई घंटे यातायात जाम होता है। निगम को नियम के अनुसार कोई रास्ता निकालना चाहिए, तभी सड़क पर इस तरह से जाम कम हो सकता है।




Total Users : 23520
Leave a comment