Home ताज़ा ख़बर इंदौर की उपेक्षा : वास्तविक दर्द या राजनीतिक कुंठा
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरराजनीति

इंदौर की उपेक्षा : वास्तविक दर्द या राजनीतिक कुंठा

इंदौर। कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर की उपेक्षा को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है। राजनीतिक विश्लेषक मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र के पीछे अनेक संभावित राजनीतिक अर्थ निकाल रहे हैं। पत्र का मजमून प्रथम दृष्टया राजनीतिक विश्लेषण का विषय हो सकता है, लेकिन अगर सूक्ष्मता से देखा जाए तो यह इंदौर में वर्चस्व को लेकर भाजपा की अंदरूनी राजनीति का भी एक हिस्सा हो सकता है।

दर्द का पक्ष :

कैलाश विजयवर्गीय लंबे समय से इंदौर की राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं। यदि उन्हें लगता है कि शहर की अधोसंरचना परियोजनाएं, विकास कार्य या प्रशासनिक प्राथमिकताएं अपेक्षित गति से नहीं बढ़ रही हैं, तो उनका बयान इंदौर के प्रति वास्तविक चिंता और जिम्मेदारी का प्रदर्शन माना जा सकता है।

कुंठा का पक्ष :

राजनीति में शक्ति-संतुलन भी महत्वपूर्ण होता है। यदि निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका पहले की तुलना में कम हुई हो, या इंदौर से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा हो, तो इस बयान को राजनीतिक असंतोष अथवा कुंठा की अभिव्यक्ति के रूप में भी देखा जा सकता है। यह तय करना कठिन है कि बयान में दर्द अधिक था या कुंठा, लेकिन इतना जरूर है कि इस बयान ने यह संदेश दिया कि प्रदेश की सत्ता के केंद्र में बैठे नेताओं के बीच इंदौर की प्राथमिकता को लेकर सब कुछ सामान्य नहीं है।

गौरतलब है कि कैलाश विजयवर्गीय मध्यप्रदेश भाजपा के ऐसे कद्दावर नेता माने जाते हैं, जिनकी राष्ट्रीय नेताओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है। यही कारण है कि वर्ष 2003 के बाद से प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों को बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। चाहे उमा भारती हों, बाबूलाल गौर हों या शिवराज सिंह चौहान—सभी के मुख्यमंत्री बनने पर कैलाश विजयवर्गीय उनके खास मंत्रियों में शुमार रहे। लेकिन कैलाश विजयवर्गीय की महत्वाकांक्षा के चलते लगभग हर मुख्यमंत्री ने उनसे दूरी बनाई। यही स्थिति वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ भी बनती दिखाई दे रही है।

कैलाश विजयवर्गीय को यह समझना होगा कि इंदौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी है और हर मुख्यमंत्री यहां अपना वर्चस्व चाहता है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय स्वयं को इंदौर का एकछत्र नेता मानते हैं। यही अधिकारों का छिपा संघर्ष धीरे-धीरे बयानों के रूप में सामने आ रहा है। इतना तो तय है कि कैलाश विजयवर्गीय का यह पत्र महज अपने शहर की चिंता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजनीतिक विस्फोट का कारण भी बन सकता है, जिसके प्रभाव आने वाले समय में देखने और सुनने को मिल सकते हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031549
Total Users : 31549

Related Articles