Home ताज़ा ख़बर हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी: मुख्य आरोपी के बाद महिला सहयोगी भी गिरफ्तार
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभाग

हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी: मुख्य आरोपी के बाद महिला सहयोगी भी गिरफ्तार

इंदौर में हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। तुकोगंज थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी लक्ष्मण मेहरा की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी महिला सहयोगी रिंकू चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों मिलकर युवाओं को सरकारी नौकरी का लालच देकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे।

हाईकोर्ट कर्मचारी बनकर दिया नौकरी का झांसा

पूरा मामला इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र का है। फरियादी स्वाति बाथम ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि लक्ष्मण मेहरा नामक व्यक्ति ने खुद को हाईकोर्ट का कर्मचारी बताया और उन्हें हाईकोर्ट में सहायक क्लर्क (Assistant Clerk) की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर पीड़िता से 25 हजार रुपये नकद लिए और बाद में एक फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिया। जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो जॉइनिंग लेटर पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद पीड़िता ने तुकोगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खुला नेटवर्क

मामले में पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी लक्ष्मण मेहरा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विस्तृत विवेचना के दौरान पुलिस को इस ठगी गिरोह में एक महिला की संलिप्तता की जानकारी मिली।

जांच में सामने आया कि रिंकू चौहान नामक महिला आरोपी लक्ष्मण मेहरा के साथ मिलकर पूरे फर्जीवाड़े को संचालित कर रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

बेरोजगार युवाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी लक्ष्मण मेहरा और रिंकू चौहान बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसाते थे। दोनों खुद को प्रभावशाली और हाईकोर्ट से जुड़ा हुआ बताकर युवाओं का विश्वास जीतते थे।

इसके बाद फर्जी आवेदन पत्र, फर्जी नियुक्ति पत्र और नकली दस्तावेज तैयार कर युवाओं से मोटी रकम वसूली जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया हो सकता है।

महिला आरोपी से जारी है पूछताछ

एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा ने बताया कि मामले में महिला सहयोगी रिंकू चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों से ठगी की गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी के नाम पर रुपए मांगने वाले लोगों से सावधान रहें और बिना सत्यापन किसी को पैसा न दें।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

031540
Total Users : 31540

Related Articles