Home ताज़ा ख़बर इंदौर के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट, 14 वर्षीय बालक का डंडे से हमला कैमरे में कैद
ताज़ा ख़बरनगर निगम इन्दौर

इंदौर के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं से मारपीट, 14 वर्षीय बालक का डंडे से हमला कैमरे में कैद

वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में, वृद्धाश्रम सील करने की तैयारी; बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर किया जाएगा शिफ्ट

इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित मरीमाता पानी की टंकी के पास संचालित महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रह रही बुजुर्ग महिलाओं के साथ एक 14 वर्षीय नाबालिग द्वारा डंडे से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किशोर एक बुजुर्ग महिला पर लगातार डंडे बरसा रहा है, जबकि अन्य महिलाएं उसे रोकने का प्रयास करती हैं। बीच-बचाव करने वाली महिलाओं के साथ भी नाबालिग धक्का-मुक्की और मारपीट करता नजर आता है।

वीडियो सामने आने के बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे को थाने बुलाकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।

कलेक्टर ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच करवाई। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि वृद्धाश्रम में रह रहे करीब 30 बुजुर्गों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाएगा। प्रशासन के अनुसार, जो बुजुर्ग स्वस्थ हैं उन्हें गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम तथा गणेश वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं जो बुजुर्ग बीमार हैं, उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया जाएगा। साथ ही वृद्धाश्रम को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पांच महीने पहले मां के साथ आया था नाबालिग

एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि संबंधित किशोर की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। लगभग पांच महीने पहले वह अपनी मां के साथ इस वृद्धाश्रम में रहने आया था। उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई थी और कुछ दिनों बाद उसकी मृत्यु हो गई। मां की मौत के बाद से ही किशोर वृद्धाश्रम में रह रहा था। बुधवार को किसी बात को लेकर उसका एक बुजुर्ग महिला से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने डंडा उठाकर महिला की पिटाई शुरू कर दी। घटना के दौरान अन्य बुजुर्ग महिलाओं ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ भी हाथापाई की। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बच्चे की होगी काउंसलिंग, चाइल्ड केयर संस्था को सौंपा जाएगा

पुलिस के अनुसार, नाबालिग के व्यवहार और मानसिक स्थिति को देखते हुए उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी। फिलहाल वृद्धाश्रम की संचालिका को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चे को बुजुर्गों से पूरी तरह अलग रखा जाए। प्रशासन ने निर्णय लिया है कि उसे वृद्धाश्रम से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था (चाइल्ड केयर/चाइल्ड लाइन) के सुपुर्द किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ उसकी काउंसलिंग और देखभाल करेंगे।

वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

घटना के बाद वृद्धाश्रम की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि मानसिक रूप से अस्थिर किशोर वृद्धाश्रम में रह रहा था, तो उसकी निगरानी और अलग व्यवस्था क्यों नहीं की गई। प्रशासन अब वृद्धाश्रम के संचालन, अनुमति, सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की भी जांच करेगा।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बुजुर्गों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में यदि वृद्धाश्रम प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने और वृद्धाश्रम को सील करने की कार्रवाई जारी है।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

025159
Total Users : 25159

Related Articles

ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशनगर निगम इन्दौरपुलिस विभागप्रशासनिक

गौतमपुरा में कानून व्यवस्था धराशाई, शराब माफिया बेलगाम

भाजपा-कांग्रेस नेता की जोड़ी शराब कारोबार में कर रही कमाल गौतमपुरा क्षेत्र...