शुक्रवार रात जारी हुआ था इन आईएएस अफसरों का तबादला आदेश, रतलाम और शहडोल कलेक्टर मंगलवार शाम तक नहीं हो सके रिलीव
भोपाल। राज्य शासन द्वारा आईएएस अफसरों का तबादला आदेश जारी होने के पांच दिन बाद भी मंगलवार शाम तक दो जिलों के कलेक्टर रिलीव (कार्यमुक्त) नहीं हो सके। राज्य शासन ने शुक्रवार देर रात 20 आईएएस अफसरों की नई पदस्थापना की थी। इस प्रशासनिक फेरबदल में अपर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अजय कटेसरिया को कलेक्टर रतलाम पदस्थ किया गया था। अजय कटेसरिया मंगलवार शाम तक मंत्रालय से कार्यमुक्त नहीं हो सके।
गौरतलब है कि कटेसरिया के कार्यमुक्त नहीं होने से कलेक्टर रतलाम और कलेक्टर शहडोल भी मंगलवार शाम तक रिलीव नहीं हो सके। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि सामान्य प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल से आग्रह किया था कि अजय कटेसरिया के स्तर पर विभाग की कई महत्वपूर्ण फाइलें विचाराधीन हैं। इनमें पदोन्नति मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई जैसे विषय शामिल हैं। ऐसे में यदि उन्हें तत्काल कार्यमुक्त किया जाता है, तो कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसीलिए उन्हें कुछ दिन कार्यमुक्त नहीं किया गया। यही कारण है कि उनका ट्रांसफर कर उन्हें कुछ दिन मंत्रालय में ही काम जारी रखने के लिए कहा गया था।
इसलिए रिलीव नहीं हो सके रतलाम और शहडोल के नए कलेक्टर
कटेसरिया को कार्यमुक्त नहीं किए जाने का असर केवल मंत्रालय तक सीमित नहीं रहा है। इससे प्रशासनिक फेरबदल की पूरी श्रृंखला प्रभावित हो गई है। हालांकि मंगलवार शाम मिशा सिंह के तबादला आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल पदस्थ किया गया है। आईएएस पार्थ जायसवाल को कलेक्टर शहडोल पदस्थ किया गया है।
मिशा सिंह के कार्यमुक्त नहीं होने से कलेक्टर शहडोल केदार सिंह भी मंगलवार शाम तक कार्यमुक्त नहीं हो सके हैं। उनका तबादला लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव के पद पर किया गया है। कारण यह है कि जब तक नए कलेक्टर पार्थ जायसवाल पदभार नहीं संभालेंगे, तब तक केदार सिंह वहां से रिलीव नहीं हो सकेंगे।






Total Users : 24917
Leave a comment