भाजपा-कांग्रेस नेता की जोड़ी शराब कारोबार में कर रही कमाल
गौतमपुरा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार कोई नई बात नहीं है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में यह कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। कांग्रेस और भाजपा नेता मिलकर अवैध शराब कारोबार को गौतमपुरा क्षेत्र में बढ़ावा दे रहे हैं। काउंटर से बिकने वाली शराब केवल एक दिखावा है, असली कारोबार तो गांवों में छोटी दुकानें खोलकर या एजेंट बनाकर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से 30 रुपये प्रति शराब की बोतल पर मनमाना मुनाफा कमाकर ऊंचे दामों पर शराब बेची जा रही है। यहां प्रति लीटर का भी कोई तय रेट नहीं है। आबकारी और पुलिस विभाग के कुछ अधिकारियों से ठेकेदार और मैनेजर की सांठगांठ होने के कारण अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
जानकारी के अनुसार गौतमपुरा क्षेत्र के कई गांवों में एक-दो नहीं बल्कि तीन-तीन काउंटरों से अवैध शराब खुलेआम बेची जा रही है। ठेकेदार की गाड़ियां सुबह से ही क्षेत्र में शराब पहुंचाने का काम करती हैं। एक ही दिन में पांच बार तक वाहन थाने के आसपास से शराब लेकर गुजरते हैं, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और मैनेजर की मिलीभगत से आबकारी और पुलिस विभाग को हर महीने मोटा “लिफाफा” पहुंचाया जाता है, इसलिए कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रहती है। यही कारण है कि गौतमपुरा क्षेत्र में हिमालय ट्रेडर्स की शराब की सप्लाई पर आज तक कोई रोक नहीं लग सकी। लोगों का कहना है कि जानकारी होने के बावजूद आज तक हिमालय ट्रेडर्स पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह धारणा बन रही है कि आबकारी और पुलिस विभाग का खुला संरक्षण शराब ठेकेदारों को प्राप्त है। एक ओर पुलिस नशा मुक्ति अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब कारोबार को संरक्षण मिलने के आरोप लग रहे हैं।
गौतमपुरा थाना प्रभारी अलका मोनिया ने कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन क्षेत्र में अवैध शराब माफिया के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हिमालय ट्रेडर्स के अवैध ठिये गौतमपुरा नगर में अब भी संचालित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। आबकारी एरिया इंस्पेक्टर भावना शर्मा ने बताया कि पिछले 20 दिनों से वे लगातार कार्रवाई के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन कोर्ट के कारण कई बार टीम नहीं पहुंच पाई। उनका कहना है कि छोटी-मोटी कार्रवाई लगातार की जा रही है और अधिकारियों को भी क्षेत्र में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला सहायक आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी से संपर्क करने के लिए 9111691116 नंबर पर कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।





Total Users : 25171
Leave a comment