कनाड़िया पुलिस ने 927 पेटी शराब, ट्रक और कार की जब्त; पांच तस्कर गिरफ्तार, छतरपुर और मैहर में भी बड़ी कार्रवाई
इंदौर। मध्यप्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कनाड़िया थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़कर अंतरजिला तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 927 पेटी (करीब 11,124 लीटर) अवैध शराब, एक ट्रक और एक कार जब्त की है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ट्रक के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक तथा उसके आगे-पीछे चल रही कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां मिलीं, जिनके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब को अवैध रूप से विभिन्न क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, किन जिलों में इसकी सप्लाई की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी कर रही है।
छतरपुर में 125 पेटी अंग्रेजी शराब सहित ट्रक पकड़ा
इधर, छतरपुर जिले के गुलगंज थाना पुलिस ने भी अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने टीकमगढ़ रोड स्थित काठन नदी पुल के पास घेराबंदी कर शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान ट्रक से 125 पेटी (करीब 1,125 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और ट्रक की कुल कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
मैहर में बाइक से शराब तस्करी, आरोपी गिरफ्तार
वहीं मैहर जिले के ताला थाना पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 61.380 लीटर अवैध शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अभियान रहेगा लगातार जारी
मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब माफिया और अवैध कारोबार से जुड़े गिरोहों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए विभिन्न जिलों की पुलिस समन्वय बनाकर जांच कर रही है।





Total Users : 24977
Leave a comment