Home ताज़ा ख़बर सावन का आगाज: सजे महाकाल, उज्जैन में दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब
ताज़ा ख़बरदेश-प्रदेशधर्म/समाजनगर निगम इन्दौर

सावन का आगाज: सजे महाकाल, उज्जैन में दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार से सावन मास की शुरुआत हो गई। सावन के पहले दिन तड़के 3 बजे मंदिर के पट खोले गए और परंपरानुसार भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई।

सबसे पहले बाबा महाकाल का जलाभिषेक और पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद उन्हें भस्म अर्पित कर राजा स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। सावन के पहले दिन ही भस्म आरती में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरे सावन माह में महाकाल मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

पुष्पों से अलंकृत कर रजत मुकुट धारण कराया

भस्म आरती के दौरान पुजारियों ने पूजन किया। भगवान महाकाल का जल, दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद प्रथम घंटा बजाकर “हरि ओम” का जल अर्पित किया गया और कपूर आरती की गई। फिर बाबा महाकाल को भांग, चंदन, रजत चंद्र, त्रिपुंड और गुलाब के पुष्पों से अलंकृत कर रजत मुकुट धारण कराया गया। श्रृंगार पूर्ण होने के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई।

भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल का भांग, ड्राय फ्रूट, आभूषण और सुगंधित पुष्पों से राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया। बाबा को रजत शेषनाग मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और पुष्पहार अर्पित किए गए। साथ ही फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

025255
Total Users : 25255

Related Articles