इंदौर। कांग्रेस से भाजपा में आए और तत्काल प्रदेश प्रवक्ता बने राकेश यादव ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और उनके गुट को राजनीतिक जवाब दिया। जब यादव ने कांग्रेस में रहते हुए जीतू पटवारी व अन्य पर हमला बोला तो विजयवर्गीय ने कहा था, “कौन राकेश यादव? मैं नहीं जानता।” कांग्रेस से भाजपा में आकर नए-नवेले प्रदेश प्रवक्ता बने राकेश यादव के हितैषियों ने उनकी पदस्थापना को लेकर धन्यवाद विज्ञापन जारी किया।
यह विज्ञापन उनकी नियुक्ति से ज्यादा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला और उनके गुट को दरकिनार करने को लेकर अधिक चर्चा में आ गया है। इससे इंदौर के कई नेताओं को तगड़ा संदेश गया है और राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
यादव के इस विज्ञापन में सीएम मोहन यादव और प्रदेश महामंत्री गोविंद राणदिवे को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। उल्लेखनीय है कि राकेश यादव के भाजपा में आने के पीछे भी गोविंद राणदिवे की अहम भूमिका बताई जाती है।
इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हेमंत खंडेलवाल के साथ इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, विधायक मधु वर्मा और विधायक गोलू शुक्ला को भी स्थान दिया गया है। विधायक पुत्र एकलव्य गौड़ और सांसद प्रतिनिधि विशाल गिंदवानी भी पोस्टर में शामिल हैं।
वहीं इस विज्ञापन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ शहर के प्रथम नागरिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला और विधायक महेंद्र हार्डिया को पूरी तरह दरकिनार किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष पद पर हेमंत खंडेलवाल के बनने के बाद इंदौर में राजनीतिक गुटबाजी और तेज होती दिखाई दे रही है। इसमें टिकट की दौड़ के प्रमुख दावेदारों के रूप में गोविंद राणदिवे, एकलव्य गौड़ और सावन सोनकर के नाम सामने आ रहे हैं। मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया भी इनके साथ बताए जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा के भीतर बदलते समीकरणों का संकेत माना जा रहा है।
मंत्री बोले थे – “कौन राकेश यादव?”
दरअसल, कांग्रेस से भाजपा में आने से पहले राकेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी व अन्य नेताओं पर जमकर हमला बोला था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था, “मैं नहीं जानता कि कौन राकेश यादव?” बाद में विधायक रमेश मेंदोला से भी यही सवाल पूछा गया तो उन्होंने भी कहा था कि वे राकेश यादव को नहीं जानते। इसके दो दिन बाद ही राकेश यादव भाजपा में शामिल हुए और सीधे प्रदेश प्रवक्ता बना दिए गए।





Total Users : 31812
Leave a comment