15 अगस्त तक किला मैदान-जींसी मार्ग पर होगी एक लेन शुरू
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। सोमवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किला मैदान तिराहा से जींसी चौराहा होते हुए नेमिनाथ चौराहा तक बन रही मास्टर प्लान सड़क का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किला मैदान (लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा) से जींसी चौराहा तक कम से कम एक लेन हर हाल में 15 अगस्त तक चालू कर दी जाए, ताकि नागरिकों को यातायात में राहत मिल सके।
व्यस्ततम मार्गों में शामिल
महापौर ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि किला मैदान से नेमिनाथ चौराहा तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। सड़क के पूर्ण होने से यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्रीय रहवासियों से भी चर्चा की। नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द कार्य पूरा करने की मांग रखी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। महापौर ने केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि इसके साथ चल रहे स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, जल प्रदाय पाइपलाइन और सीवरेज लाइन के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से सभी अधोसंरचना कार्य पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सड़क दोबारा खोदने की नौबत न आए।






Total Users : 24697
Leave a comment